Thar पोस्ट। पीएम नरेंद्र मोदी वायु सेना के विमान से जामनगर-अमृतसर एक्सप्रेस-वे के बीकानेर के नौरंगदेसर सेक्शन पर टचडाउन या लैंडिंग करेंगे। 8 जुलाई को पीएम की बड़ी जनसभा होनी है। इसके लिए एयरफोर्स की ओर से आज बुधवार से रिहर्सल शुरू कर दी जाएगी।

रिहर्सल सफल होने पर लैंडिंग की अनुमति दी जाएगी। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और प्रधानमंत्री कार्यालय से भी एयरफोर्स अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि क्या अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस वे पर विमान लैंडिंग की जा सकती है?

पीएम नरेंद्र मोदी बीकानेर नाल एयरपोर्ट से नौरंगदेसर एक्सप्रेस वे पर वायुसेना के विमान से जाएंगे। ऐसा हुआ तो पहली बार भारत के कोई प्रधानमंत्री एक्सप्रेस वे पर विमान से लैंडिंग करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवम्बर 2021 को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर विमान से उतरे थे। वहां एक्सप्रेस वे पर प्रॉपर हवाई पट्टी बनाई गई थी। जो 3. 2 किलोमीटर लंबी है।

मिली जानकारी के अनुसार लड़ाकू विमान उतारे जा सकते हैं। बिना हवाई पट्टी वाले एक्सप्रेस-वे पर विमान उतारना चुनौतीपूर्ण टास्क है। इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी समेत कई मंत्री हाईवे पर वायुसेना के विमान से टच डाउन कर चुके हैं। एयरफोर्स ऑफिसर इसके लिए रिहर्सल कर पीएमओ को रिपोर्ट भेजेंगे। हालांकि ऑप्शनल रूप से प्रधानमंत्री के लिए अलग से हेलीपैड भी बनाया जा रहा है। अगर यह रिहर्सल टेस्ट कामयाब नहीं रहा। तो पीएम नरेंद्र मोदी विमान से बीकानेर के नाल एयरपोर्ट आएंगे और फिर वहां से हेलीकॉप्टर से नौरंगदेसर जाएंगे। जैसा कि गडकरी के बीकानेर दौरे के दौरान पिछले दिनों किया गया था।

पीएम 8 जुलाई को बीकानेर में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों के साथ संवाद करेंगे। मोदी यहां 25000 करोड रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।