Thar पोस्ट न्यूज। विश्व मे विख्यात चित्तौड़गढ़ में कृष्णधाम श्री सांवलिया सेठ का भंडार इस बार विशेष रूप से चर्चा में रहा। करीब पखवाड़ा पूर्व खोले गए ठाकुरजी के भंडार की गणना मंगलवार को नौवें और अंतिम चरण में पूरी हुई। इस बार कुल मिलाकर करीब 28 करोड़ रुपये की नकद राशि, लगभग पौने दो किलो सोना और 143 किलो चांदी भेंट स्वरूप प्राप्त हुई है। मंदिर मंडल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि भंडार की गणना पूरी करने के लिए नौ चरण लगाने पड़े।

भंडार गणना का पहला चरण कृष्णपक्ष चतुर्दशी को प्रारंभ हुआ था। इसमें 8 करोड़ 90 लाख रुपये प्राप्त हुए। दूसरे चरण में 4 करोड़ 60 लाख, तीसरे में 3 करोड़ 86 लाख 50 हजार, चौथे में 2 करोड़ 50 लाख, पांचवें में 2 करोड़ 10 लाख, छठे में 84 लाख, सातवें में 42 लाख, आठवें में 17 लाख 50 हजार और मंगलवार को नवें चरण में 22 लाख 12 हजार 206 रुपये की नकद राशि गिनी गई। कुल मिलाकर ठाकुरजी के भंडार से इस माह 23 करोड़ 62 लाख 12 हजार 206 रुपये नकदी, 1 किलो 270 ग्राम सोना और 70 किलो चांदी प्राप्त हुए।

गणना पूरी होने के बाद मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, सदस्य किशनलाल अहीर, पवन तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी द्वितीय व लेखाकार राजेंद्रसिंह, मंदिर व्यवस्था प्रभारी भैरूगिरी गोस्वामी, सुरक्षा प्रभारी गुलाबसिंह, संस्थापन प्रभारी लेहरीलाल गाडरी, वरिष्ठ सहायक कालूलाल तेली, स्टोर प्रभारी मनोहर शर्मा सहित क्षेत्रीय बैंकों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।