Thar पोस्ट, बीकानेर। अब राजस्थान में स्कूल कब खुलेंगे? यह एक बड़ा सवाल है। क्योंकि राजस्थान सरकार ने 2 अगस्त से स्कूल खोलने का फैसला वापस ले लिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने साफ़ कह दिया है कि अब स्कूल खोलने का फैसला नए सिरे से लिया जाएगा और इसके लिए एक एक्सपर्ट कमेटी गठित की जाएगी। इसमे राज्य सरकार के पांच मंत्री शामिल होंगे। सीएम के आदेशानुसार, शिक्षा मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, कृषि मंत्री, उच्च शिक्षा विभाग में राज्य मंत्री और तकनीकी शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री को मिलाकर कमिटी गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह फैसला कोविड-19 की तीसरी लहर आने की आशंका में किया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की कमिटी केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय और आईसीएमआर से संपर्क करेगी और उनकी राय के आधार पर एसओपी तैयार किया जाएगा। इससे पहले, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा था कि राजस्थान में 2 अगस्त से बच्चों के स्कूल खोले जा सकते हैं। इससे पहले पुदुचेरी की सरकार ने भी 16 जुलाई से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के स्कूल खोलने का फैसला वापस ले लिया था।