Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन दोपहर बारह से एक बजे तक किया गया।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा जिला संयोजक मुकेश व्यास एवं जिला सचिव देवेन्द्र सारस्वत ने संयुक्त रूप से बताया कि शिक्षा विभाग राजस्थान सरकार के सहयोग से संचालित इस परीक्षा में बीकानेर जिले के 81 सरकारी, गैर सरकारी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के कक्षा 5 से 12 तक व कालेज सहित नौ वर्गों के 6851 छात्र छात्राओं का पंजीयन किया गया था जिसमें से 6789 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। तहसील स्तर पर श्रीडुंगरगढ़, नोखा, श्रीकोलायत, पुगल, खाजूवाला, लूनकरनसर तहसील तथा बीकानेर शहर सहित कुल 81 सरकारी, गैरसरकारी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में परीक्षा केन्द्र बनाये गये।
परीक्षा के जिला कार्यालय सचिव रामकुमार चौहान ने बताया कि गत 25 वर्षों से केन्द्र तथा राज्य सरकार के सहयोग से संचालित यह परीक्षा देश के इक्कीस राज्यों की नौ भाषाओं में आयोजित की जाती है। जिसमें एक लाख से अधिक विद्यालयों सहित पांच हजार से अधिक महाविद्यालयों के नब्बे लाख से अधिक छात्र छात्रायें परीक्षा में भाग लेते हैं। जिसमें सर्वाधिक दस लाख से अधिक छात्र छात्रायें राजस्थान प्रदेश से परीक्षा देकर देशभर में प्रथम स्थान पर कायम है।
गायत्री शक्तिपीठ बीकानेर मुख्य प्रबंध ट्रस्टी पवन कुमार ओझा ने बताया कि संस्कृति ज्ञान परीक्षा में प्रदेश, जिला एवं तहसील स्तर की प्रावीण्य सूची में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी नौ वर्गों के 216 छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र, साहित्य, शील्ड तथा नगद राशि के पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। प्रत्येक जिले से चयनित संस्था प्रधानों तथा उत्कृष्ट शिक्षकगणों को जिला एवं प्रदेश स्तर पर शिक्षक गरिमा सम्मान प्रदान किये जायेंगें।
परीक्षा समिति के सदस्य शिक्षाविद् मधुबाला शर्मा, जिला समन्वयक करनीदान चौधरी, तुलसीनाथ तंवर, जवाहरलाल गंगल, अतुल तिवाड़ी, काशी शर्मा खाजुवाला, डिवाइन इंडिया यूथ एशोसियेशन दिया जिलाध्यक्ष धनंजय सारस्वत, शिवनरेश सिंह चौहान, दिनेश कुमार जस्सू नोखा, जितेन्द्र टाक श्रीडुंगरगढ, सुभाष सारस्वत दंतौर, रामलाल बामनियां श्रीकोलायत, राजकुमार गोगिया तथा भत्तमाल सारस्वत लूनकरनसर ने परीक्षा संचालन में सहयोग प्रदान किया।

राजकीय डुंगर कालेज में विद्यार्थियों ने उत्साह से दी संस्कृति ज्ञान परीक्षा

देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार एवं गायत्री शक्तिपीठ, पुरानी गिन्नाणी, बीकानेर के तत्त्वावधान में राजकीय डूॅंगर महाविद्यालय बीकानेर (राजस्थान) के संस्कृत विभाग द्वारा भारतीय संस्कृति ज्ञान प्रतियोगिता परीक्षा 2022 का आयोजन किया गया। यह परीक्षा पूरे भारतवर्ष के 21 राज्यों में 9 भाषाओं में एक साथ आयोजित की गई। प्राचार्य डॉ जी .पी. सिंह जी ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा का
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान है। परीक्षा प्रभारी डॉ. नन्दिता सिंघवी ने बताया कि इस परीक्षा में 98 विद्यार्थियों नें पंजीयन करवाया तथा कुल 85 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। जिला संयोजक देवेन्द्र सारस्वत ने बताया कि महाविद्यालय स्तरीय परीक्षा तीन चरणों में आयोजित होगी। इस प्रथम चरण की लिखित परीक्षा में समस्त उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किये जाएंगे। प्रथम चरण में प्रत्येक महाविद्यालय से प्रथम 10 परीक्षार्थियों को जिला स्तर पर दो भागों में परीक्षा देनी होगी, उसमें प्रथम आने पर ₹2100 का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। जिला स्तर पर जो कालेज टीम सर्वोच्च अंक प्राप्त करेंगी उन्हें राज्य स्तर पर परीक्षा देनी होगी। राज्य स्तर पर सर्वोच्च अंक लाने पर 11000 रुपए, द्वितीय को 5100 रुपए, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कालेज टीम को 3100 रुपए नगद पुरस्कार व स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे। इस परीक्षा में पर्यवेक्षक के रूप में शिव नरेश सिंह चौहान उपस्थित थे। परीक्षा के सफल क्रियान्वयन में राजकीय डुंगर महाविद्यालय से डॉ. श्यामा अग्रवाल, डॉ. सरिता स्वामी, डॉ. ललित वर्मा, डॉ. प्रतिभा पायल तथा केसर मल ने सक्रिय भूमिका निभाई।