Thar पोस्ट। राजस्थान में पेयजल के भी दाम बढ़ेंगे। इसकी तैयारी चल रही है। जल जीवन मिशन और पेयजल परियोजनाओं की लागत निकालने के लिए सरकार जल्द से जल्द राजस्थान वाटर सप्लाई एंड सीवरेज कॉर्पोरेशन को क्रियाशील करने की तैयारी कर रही है। जिस तरह से बिजली कंपनियां बना कर सरकारों ने बिजली को महंगा किया, उसी तरह पानी को भी महंगा किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार जलदाय विभाग में चर्चा है कि कार्पोरेशन के क्रियाशील होते ही पहली मार प्रदेश के लगभग एक करोड़ पंजीकृत उपभोक्ताओं पर पड़ेगी। वित्त विभाग के स्तर पर सुझाए गए फार्मूले को मूर्त रूप देने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जहां वर्तमान में एक हजार लीटर पानी की कीमत 2 रुपए 85 पैसे है, वहीं यह कीमत 17 गुना यानि 50 रुपए प्रति हजार लीटर तक बढ़ाई जा सकती है।

जलदाय अधिकारी कहते रहे है कि जयपुर शहर और प्रदेश में पेयजल से जितना राजस्व मिल रहा है, उससे परियोजनाओं की लागत तक नहीं निकल पा रही है।  जयपुर शहर में ही कई पेयजल परियोजनाएं 500 करोड़ रुपए से ज्यादा लागत वाली हैं। कई बार पानी को महंगा करने की कोशिश की गई लेकिन लोगों की नाराजगी के कारण सरकारें इस मामले में चुप्पी साधती रही हैं।