Thar पोस्ट, न्यूज जयपुर। प्रदेश में 108 और 104 एंबुलेंस सेवा ठप हो गई है। राजस्थान एंबुलेंस कर्मचारी संघर्ष समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह शेखवात ने कर्मचारियों से रविवार सुबह 11 बजे प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज के सामने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। शेखावत के मुताबिक एंबुलेंस कर्मी पिछले 1 साल से ठेका प्रथा समापत करने और एंबुलेंस कर्मियों को संविदा कर्मी कमेटी में शामिल करने की मांग कर रहे थे। लेकिन, एंबुलेंस कर्मचारियों की मांगों को सरकार लगातार अनसुना कर रही है। पिछले एक महीने से प्रदेश के सभी जिलों में ज्ञापन देने के बाद भी एंबुलेंस कर्मचारियों की सुनवाई नहीं हुई। सरकार के इस रवैये से परेशान होकर मजबूरन एंबुलेंस कर्मचारियों ने वाहनों को मेडिकल कॉलेज के सामने खड़ा कर 108 और 104 एंबुलेंस सेवा ठप कर दी है। रविवार सुबह 11 बजे प्रदेश के सभी एंबुलेंस कर्मचारी मेडिकल कॉलेज के सामने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।