ताजा खबरे
IMG 20241023 101608 शराब की दुकान के विरोध में उतरे काॅलोनीवासी Rajasthan News Portal बीकानेर अपडेट
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज। समता नगर आवासीय कॉलोनी में श्री खेतेश्वर ऑटो मोड़ की मुख्य सड़क पर प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। करणीनगर, जाट कॉलोनी, समता नगर, कैलाशपुरी और गांधीनगर के लोगों ने सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अनुमति निरस्त करने की मांग की।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि आबकारी विभाग ने घनी आवासीय बस्ती की मुख्य सड़क पर शराब की दुकान खोलने की अनुमति दे दी है। यह सड़क चार कॉलोनियों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। निवासियों का कहना है कि दुकान खुलने से यहां शराबियों का जमावड़ा लगेगा, यातायात बाधित होगा और विवाद की आशंका बढ़ेगी।

महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल:
महिलाओं का कहना है कि “अभी हम रात 9-10 बजे तक भी बिना डर के बाहर निकल जाते हैं। शराब की दुकान खुल गई तो शाम के बाद घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा। क्या यही है बेटी बचाओ?” कॉलोनीवासियों ने ज्ञापन में लिखा कि इससे संविधान के अनुच्छेद 19 यानी स्वतंत्र आवागमन और अनुच्छेद 21 यानी सम्मान से जीने के अधिकार का उल्लंघन होगा।
ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल से कलेक्टर ने मुलाकात की और मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम सिटी रमेश देव को मौके की जांच के निर्देश दिए। इसके बाद सभी लोग एडीएम सिटी से मिले। एडीएम ने पूरी बात सुनकर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। कॉलोनीवासियों ने एडीएम सिटी का आभार जताया।
निवासियों ने कहा कि आवासीय क्षेत्र में शराब की दुकान किसी भी नियम में अनुमत नहीं है। जनहित और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमति तुरंत रद्द की जाए।


Share This News