Thar पोस्ट, न्यूज। सियासी दांवपेंच के बीच आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रेस वार्ता की। इसमें उन्होंने कई सियासी संकेत दिए और कई बातें खुलकर कहीं। सीएम गहलोत ने यह भी कहा कि प्रदेश में उनके विधायकों के खिलाफ एंटीइनकमबेंसी है। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप भी हैं। लेकिन, टिकट बदलने के लिए कोई चेहरा नहीं है। इसके साथ ही गहलोत ने अपने गुट के विधायकों को इशारा दिया कि उनके टिकट नहीं कटे हैं, वे सेफ हैं। सीएम अशोक ने संकेत दिया कि प्रत्याशियों की सूची फाइनल चुकी है। जल्द ही सभी उम्मीदवारों के नामों का एलान किया जाएगा। गत बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद 106 नामों पर सहमति बनने की जानकारी सामने आई थी। ऐसे में कहा जा सकता है कि कांग्रेस कभी भी प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है।   
कांग्रेस प्रत्याशियों के एलान में हो रही देरी को लेकर कयास लगाए जाने लगे थे कि गहलोत कैंप की सूची को आलाकमान ने दरकिनार कर दिया है। चर्चा यह भी थी कि विधानसभा चुनावों की तैयारी को लेकर गहलोत कैंप की ओर से जो सर्वे करवाए गए थे उन्हें भी आलाकमान ने कोई तवज्जो नहीं दी। गहलोत ने जैसे संकेत दिए हैं वह उनके समर्थकों को खुश करने के लिए काफी हैं।सचिन पायलट का साथ देने वाले विधायकों के टिकट को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा- मैंने उनके टिकटों पर कोई आपत्ति नहीं जताई है।