Thar पोस्ट, न्यूज। बीकानेर में आज मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का विरोध किया गया। बीकानेर के सर्किट हाउस क्षेत्र में देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग की अगुवाई में कुछ कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री का काफिला रोकने की कोशिश की। इस दौरान सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार मय टीम प्रदर्शनकारियों को रोकने में कामयाब रहे।विरोध में प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां थाम रखी थी तथा मुर्दाबाद के नारे लगाए। सियाग ने बताया कि भाजपा की सरकार आने से पहले इंदिरा गांधी नहर परियोजना में सिंचाई का पानी 4 में से 2 समूहो में दिया जा रहा था, जिसमें 10500 क्यूसेक पानी की खपत होती थी। मगर एक जनवरी से बदलाव करके 3 में से 1 समूह में पानी दिया जाने लगा है। इसमें 7700 क्यूसेक पानी की खपत होती है। 2800 क्यूसेक पानी कम दिया जा रहा है। अब किसानों को पानी की बारी के लिए 17 से 20 दिन इंतजार करना पड़ रहा है। फसलों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।