Thar post, बीकानेर। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने कहा कि डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों के मद्देनजर पीबीएम और जिला अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। आवश्यकता के अनुसार आउटडोर की संख्या बढ़ाते हुए अतिरिक्त चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जाए, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
जिला कलेक्टर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डेंगू की वर्तमान स्थितियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा पीबीएम के लिए आवश्यकता के अनुरूप सीएचए की अस्थाई नियुक्ति की जाए कथा आदेश के बावजूद ज्वाइन नहीं करने वाले कार्मिक की सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में किसी भी स्थिति में अव्यवस्था ही नहीं हो तथा एक स्थान पर अनावश्यक भीड़भाड़ नहीं हो। इसके मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं प्रभावी हों तथा चिकित्सक आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों के इलाज के लिए दवाइयों, प्लेटलेट्स और बेड की स्थिति की समीक्षा की और एंटी लारवा गतिविधियों और गति लाने के निर्देश दिए। नगर निगम ने अब तक 20 वार्डों में फोगिंग करवाने की जानकारी दी गई।
पीबीएम में बुधवार से होंगे छह ओपीडी कक्ष
पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ.परमिंदर सिरोही ने बताया कि पीबीएम अस्पताल में बुधवार से तीन की बजाय ओपीडी के छह कक्ष होंगे। इन सभी छह ओपीडी कक्षों में अलग-अलग चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जिससे मरीजों को बेवजह इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
जिला अस्पताल में लागू होगा टोकन सिस्टम
जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ प्रवीण चतुर्वेदी ने बताया कि बुधवार से अगले कुछ दिनों तक अस्थाई टेंट लगाकर सेंपलिंग कार्य को मुख्य भवन से बाहर शिफ्ट किया जाएगा, जिससे एक स्थान पर अनावश्यक भीड़ नहीं होगी। इसी प्रकार मेडिसिन आउटडोर भी बाहर शिफ्ट कर दिया गया है। इसमें टोकन मशीन लगाकर मरीजों को बारी-बारी से प्रवेश दिया जाएगा। पीडियाट्रिक वार्ड में भी टोकन सिस्टम होगा और मौसमी बीमारियों की जांच एवं उपचार के लिए बाहर की ओर अलग टेंट लगाया जाएगा। अस्पताल के मुख्य काउंटर में भी सभी पांचों कम्प्यूटर प्रारम्भ करते हुए, इनमें पर्ची बनवाई जा सकेगी, जिससे यहां भी अनावश्यक भीड़ नहीं हो।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, अतिरिक्त कलक्टर (शहर) अरुण प्रकाश शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त एएच गौरी, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ मुकेश आर्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी चाहर, डॉ सुरेंद्र वर्मा, नगर निगम की राजस्व अधिकारी अलका बुरड़क आदि मौजूद रहे।
शरद महोत्सव में डॉ. सी. पी. देवल का सम्मान होगा
Thar पोस्ट बीकानेर । नगर का सांस्कृतिक वैभव ऐतिहासिक संस्था नागरी भण्डार में नागरी भण्डार ट्रस्ट एवं फ़न वर्ल्ड वाटर पार्क नाल के साझा आयोजन के तहत 20 अक्टूबर 2021 वार बुधवार को “शरद महोत्सव” का आयोजन रात्रि 8 बजे किया जा रहा है |
नागरी भण्डार के व्यवस्थापक नंदकिशोर सोलंकी ने बताया कि शरद महोत्सव के आयोजन में जहां नगर के तीनों भाषाओं के कवि शायर अपनी प्रतिनिधि रचनाओं का वाचन तो करेंगे ही साथ ही इस मौक़े पर विशेष रूप से देश के ख्यातिनाम साहित्यकार पद्मश्री डॉ.सी. पी. देवल का सम्मान भी किया जाएगा |
सोलंकी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉक्टर अज़ीज़ सुलेमानी करेंगे वहीं समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार लक्ष्मीनारायण रंगा होंगे एवं महोत्सव के विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार मधु आचार्य आशावादी, वरिष्ठ साहित्यकार मालचन्द तिवाड़ी, पूर्व न्यास अध्यक्ष महावीर रांका एंव उपमहापौर राजेंद्र पंवार रहेंगे | कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शायर ज़ाकिर अदीब एवं कवि संजय पुरोहित करेंगे |
इस अवसर पर नगर के गणमान्य लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है | इस मौक़े पर खीर का महाप्रसाद का भी आयोजन होगा|
आचार्य तुलसी शान्ति प्रतिष्ठान, गंगाशहर
Thar पोस्ट। आचार्य तुलसी रीजनल केंसर चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र में आचार्य नानेश रामेश कैंसर सर्जरी चिकित्सा विभाग के नए भवन का डागा परिवार द्वारा शिलान्यास किया जाएगा।मानवता की सेवा में डागा परिवार का बेहद अनुकरणीय एवं प्रशंसनीय कदम इस पुरे बीकानेर क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा। आचार्य तुलसी शांति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष महावीर रांका ने बताया कि आचार्य तुलसी शांति प्रतिष्ठान एवं सुन्दर लाल डागा चेरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में सरदार पटेल आयुर्विज्ञान महाविद्यालय तथा पी.बी.एम सम्बद्ध चिकित्सालय वर्ग बीकानेर में आचार्य नानेश रामेश केंसर सर्जरी चिकित्सा केंद्र का शिलान्यास स्व. भामाशाह सेठ सुन्दरलाल जी एवं स्व. मूलचंद जी डागा की स्मृति में श्रीमति मनीषा डागा (धर्मपत्नी स्व. मूलचंद जी डागा) द्वारा दिनांक 20 अक्टूबर 2021 सुबह 11ः00 बजे किया जा रहा है।ट्रस्ट के ऐवंत डागा ने बताया कि सामाजिक और मानवीय सरोकारों को पूरा करने की दिशा में और जन सेवार्थ तथा जन हितार्थ कार्यों में उनके परिवार द्वारा हमेशा उत्साह से सहयोग दिया जाता रहा है और आगे भी दिया जाता रहेगा।