Thar पोस्ट, न्यूज। देश मे चीते को बसाने की योजना में एक बार फिर रुकावट आई है। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से एक और चीते की मौत हुई है। दक्षिण अफ्रीका से लाए गए एक अन्य चीते ‘उदय’ की मौत हो गई है। कूनो नेशनल पार्क में बीमार पाए जाने के बाद उसका इलाज किया जा रहा था लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं लग सका है। बीते साल नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से कूनो नेशनल पार्क में 20 चीते लाए गए थे। हालांकि अब उनकी संख्या केवल 18 बची है। 2 चीतों की मौत हो चुकी है। इस मामले पर मध्य प्रदेश के मुख्य वन संरक्षक जेएस चौहान का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, ‘दक्षिण अफ्रीका से लाए गए एक अन्य चीते उदय की कूनो नेशनल पार्क में बीमार पाए जाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।’