Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले की एसीबी ने शुक्रवार को जलदाय विभाग के सहायक कार्यालय में ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक एसीबी की टीम ने कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ सहायक हरिओम गोयल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंग हाथों गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देते हुए एसीबी के एएसपी सुरेंद्र शर्मा के अनुसार रसूलपुरा निवासी परिवादी खुर्शीद खान के पिता इशाक मोहम्मद जलदाय विभाग से रिटायर्ड हुए थे। परिवादी के पिता का पीएल के जमा पैसे पास करवाने और अन्य रिटायर्ड संबंधित कार्यों को करने के लिए आरोपी वरिष्ठ सहायक हरिओम गोयल ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
इसकी शिकायत परिवादी ने एसीबी कार्यालय में उपस्थित होकर अधिकारियों से की थी। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाया तो आरोपी द्वारा रिश्वत की राशि की मांग की पुष्टि हुई। शुक्रवार को एसीबी की टीम ने जलदाय विभाग सहायक अभियंता कार्यालय में आरोपी को परिवादी से 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत आरोपी से पूछताछ जारी है।