Thar पोस्ट। टीवी मोबाइल आदि पर विमल पान मसाला के भ्रामक विज्ञापन को लेकर राज्य उपभोक्ता प्रतिशोध आयोग, राजस्थान ने बड़ा कदम उठाते हुए बॉलीवुड के दिग्गज सितारों शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस जारी किया है। आयोग ने इन तीनों कलाकारों और विमल पान मसाला कंपनी को आगामी 8 अक्तूबर 2025 को व्यक्तिगत रूप से या अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई जयपुर निवासी गजेन्द्र सिंह द्वारा दायर परिवाद के आधार पर की गई है। राजस्थान हाईकोर्ट की अधिवक्ता सुमन शेखावत ने जानकारी दी कि परिवाद में विमल पान मसाला और जर्दा में केसर होने के दावे को भ्रामक बताया गया है। परिवाद में कहा गया कि केसर की कीमत लगभग 4 लाख रुपये किलो है, ऐसे में यह दावा अकल्पनीय और उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाला है। इसके साथ ही यह उत्पाद स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और इसके प्रचार से समाज, विशेष रूप से युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।