Thar पोस्ट, न्यूज। शराब पीने वालों की जेब पर असर पड़ेगा। राजस्थान में सरकार ने शराब की कीमत से अतिरिक्त आबकारी शुल्क जरूर हटा दिया, लेकिन इसका फायदा लोगों को न मिलकर शराब कंपनियों को मिला है। इसके चलते राजस्थान में अंग्रेजी शराब और बीयर महंगी हो गई है। प्रदेश में शराब की बोतल पांच से लेकर 60 रुपये, बीयर 15 रुपये तक महंगी हो गई है।राजस्थान में शराब एमआरपी (अधिकतम बिक्री मूल्य) आबकारी विभाग तय करता है। इसके लिए हर साल ब्रांड के अनुसार रेट लिस्ट जारी की जाती है। इस लिस्ट में निर्धारित एमआरपी पर शराब ठेकों में बेची जाती है। इस बार आबकारी विभाग ने जो रेट लिस्ट जारी की है, उसमें शराब की एमआरपी में 10 से लेकर 60 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, एक्स डिस्टलरी प्राइज (ईडीपी) भी प्रति कार्टन 40 रुपये बढ़े हैं। इस कारण बीयर की कीमतों में 10 से 15 रुपये तक की बढ़त हुई है। 140 रुपये में मिलने वाली बीयर अब 150 रुपये की हो गई है।