Thar पोस्ट, न्यूज। राजस्थान में मेले व अन्य आयोजनों का दौर शुरू हो गया है। बीकानेर, हनुमानगढ़, पोकरण, जोधपुर आदि में अनेक मेलों का आयोजन होगा। रामदेवरा में आगामी भादवा मेले के लिए राजस्थान पुलिस विशेष तैयारी कर रही है। भादवा मेले का विधिवत शुभारंभ 17 सितम्बर से होगा, लेकिन मेले से पहले श्रद्धालुओं की आवक को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने व्यवस्थाएं अभी से शुरू कर दी है। यहां भीड़ को देखते हुए जोधपुर रेंज आईजी जयनारायण शेर और जैसलमेर एसपी विकास सांगवान ने 31 अगस्त से पहले ही जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए।
जवान होंगे तैनात : पुलिसकर्मी सवाई सिंह और संजय विश्नोई ने बताया कि आई रिज़र्व फोर्स के 50 जवान, हाडी रानी बटालियन के 65, होमगार्ड के 100, पाली रेंज के 75 और जैसलमेर पुलिस के 301 के क़रीब जवान आज या कल तक रामदेवरा में ड्यूटी संभाल लेंगे। जैसलमेर एसपी विकास सांगवान ने भादवा मेले के दौरान पुलिस को पूर्ण रूप से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए है।
देश- विदेश से पहुंचेंगे भक्त : राजस्थान के अनेक जिलों में भरने वाले मेलों में देश विदेश से भक्त पहुंचते है। कोलकाता, सूरत, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा सहित अनेक प्रान्तों के अलावा भारत के बाहर बसे प्रवासी आते है। रामदेवरा, गोगामेड़ी, पूनरासर, सियाणा भैरुँ जी सहित अनेक मेलों में भक्त पैदल व अन्य साधनों से पहुंचते है। मेलों से पहले अनेक जिलों में जागरण आदि के आयोजन होते है।