Thar पोस्ट। बीजेपी ने अपने केंद्रीय पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है। इसमें अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव और आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कई समीकरणों का ध्यान रखा गया है। भाजपा की ओर से जारी सूची में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास और सौदान सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कैलाश विजयवर्गीय, अरुण सिंह और तरुण चुग को महामंत्री बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आठ राष्ट्रीय महामंत्री, एक राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन), एक राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री, एक कोषाध्यक्ष, एक सह-कोषाध्यक्ष और 13 राष्ट्रीय सचिव के नामों का एलान किया गया है। हालांकि, नई सूची में ज्यादातर पदाधिकारियों को उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव के पद पर बरकरार रखा गया है।