Thar पोस्ट। बीकानेर शिक्षा मंत्री डाॅ. बी.डी. कल्ला ने बुधवार को आर. के. भवन कोठी के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए 15 लाख 25 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह सार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल और आरके भवन आने वाले शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के ठहरने में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिए।
इस दौरान शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल, वित्तीय सलाहकार संजय धवन, शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ के राजेश व्यास, कमल नारायण आचार्य, गिरिजा शंकर आचार्य, नवरतन जोशी, विष्णु पुरोहित, विजय बिस्सा सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री ने भवन का अवलोकन किया और उपयोगिता की जानकारी ली।
शिक्षा मंत्री डॉ. कल्ला ने किया संभाग स्तरीय हज हाउस कल्चर सेंटर का शिलान्यास
हज कमेटी अध्यक्ष अमीन कागजी और वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ.खानूखान बुधवाली रहे मौजूद शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने संभाग मुख्यालय पर बनने वाले हज हाउस कल्चर सेंटर का बुधवार को शिलान्यास किया। इस दौरान हज कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक अमीन कागजी तथा वक्फ बोर्ड अध्यक्ष खानू खान बुधवाली भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. कल्ला ने कहा कि संभाग स्तर पर हज हाउस बनने से बीकानेर संभाग के जिलों के अलावा फलौदी, जैसलमेर और पोकरण क्षेत्र के हज यात्रियों को सहूलियत होगी। राज्य सरकार की पहल पर प्रत्येक संभाग मुख्यालय पर ऐसे हज हाउस बनाए जाएंगे। उन्होंने हज हाउस निर्माण के लिए विधायक निधि से 25 लाख रुपए देने की घोषणा की और कहा कि भवन निर्माण में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
हज कमेटी अध्यक्ष अमीन कागजी ने कहा कि संभाग स्तर पर हज हाउस बनने से हज यात्रियों के आवेदन तथा प्रशिक्षण जैसे कार्य और अधिक सहूलियत से हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि संभाग स्तर पर बनने वाले हज हाउस कल्चर सेंटर लिए एक करोड़ से लेकर ढाई करोड़ रुपए तक की सहायता राशि के प्रस्ताव सरकार को भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि हज हाउस का नक्शा और डीपीआर शीघ्र बनाएं। सभी संभाग मुख्यालयों पर एक जैसा हज हाउस बनाने के प्रयास होंगे।
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष खानू खान बुधवाली ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी धर्म और जाति के लोगों को आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाई हैं। हज हाउस का निर्माण भी इसी दिशा में एक कदम है। उन्होंने कहा कि अन्य संभाग मुख्यालयों पर राजकीय जमीन नहीं होने की स्थिति में वक्फ बोर्ड की ओर से भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस अवसर पर नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष हाजी मकसूद अहमद तथा जिया उर रहमान ने भी विचार व्यक्त किए। स्वागत उद्बोधन अनवर उस्ता ने दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मिर्जा हैदर बेग और अनवर अजमेरी ने किया।
इस दौरान हज हाउस के निर्माण के लिए सलीम सोढा ने 5 लाख तथा मकसूद अहमद ने एक लाख एक हजार रुपए, साजिद सुलेमानी ने इक्यावन हजार रुपए देने की घोषणा की।
मंच पर सचिव नगर विकास न्यास सचिव यशपाल आहुजा, जिला हज कमेटी के सदर मोहम्मद हुसैन, यशपाल गहलोत, शहर काजी शहनवाज हुसैन, हाफिज फरमान अली, माशूक अहमद, जिया उर रहमान, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शहजाद अली, हारून राठौड़, अकबर खादी, हाफीज मुनीर, सलीम सोढा, जावेद पडिहार, एन डी कादरी, जाकिर नागौरी, यासीन खान, उस्ता सुमित, कोचर, बुल्लेशाह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

ऊर्जा मंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
बीकानेर। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी 18 से 26 मई तक विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। श्री भाटी गुरुवार को प्रातः 10 बजे गजनेर स्थित राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, दोपहर 1 बजे खारी चारणान स्थित राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, दोपहर 3 बजे श्रीकोलायत की अंगनेऊ तहसील स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नव निर्मित कक्षा कक्षों का लोकार्पण करेंगे।
श्री भाटी शनिवार को प्रातः 11.30 बजे मेघवंशी धर्मशाला, श्रीकोलायत में विधायक निधि कोष से बनने वाले भवन का शिलान्यास करेंगे।
ऊर्जा मंत्री सोमवार को प्रातः10 बजे टोकला (श्रीकोलायत) में नवीन ग्राम पंचायत भवन के लोकार्पण एवं अन्य विकास कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।श्री भाटी मंगलवार को प्रातः 11.30 बजे बज्जू के ग्राम गोगड़ियावाला में नवीन पेयजल योजना का शुभारंभ एवं अभिनंदन कार्यक्रम, दोपहर 2 बजे बज्जू के नारायणसर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्षा कक्षों के लोकार्पण, शाम 4 बजे चारणवाला (बज्जू) में नवनिर्मित कक्षा कक्षों के लोकार्पण कार्यक्रम एवं पेयजल योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
ऊर्जा मंत्री बुधवार को प्रातः 11.15 बजे कोलायत तहसील सहकारी समिति लिमिटेड के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे।
इसी क्रम में मंत्री श्री भाटी द्वारा गुरुवार को प्रातः 11 बजे शेरेरा मैदान में खेल मैदान एवं नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया जायेगा।
वहीं शुक्रवार को श्री भाटी सुबह 10 बजे खारिया मल्लीनाथ (श्रीकोलायत) के नए ग्राम पंचायत भवन का उद्घाटन करेंगे।
आपदा प्रबंधन मंत्री ने 2 पीबी में किया ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण
Thar पोस्ट। आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने 2 पीबी के गाम पंचायत कार्यालय भवन एवं मल्टी परपज हॉल निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसके निर्माण पर 35 लाख रुपये व्यय हुए हैं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत भवन बनने से स्थानीय लोगों के प्रशासनिक कार्य और अधिक सुगमता से हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार नई पंचायतों का गठन किया। अब इनके भवन बना दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के कार्मिक आमजन के कार्य पूर्ण संवेदनशीलता से करें। राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखें।
मेघवाल ने कहा कि खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। पिछले साढे चार वर्षों में यहां आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है। क्षेत्र में नए स्कूल, कॉलेज, चिकित्सा केन्द्र खुले हैं। करोड़ों रुपये की सड़कें बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मनरेगा के तहत सौ दिन पूर्ण करने वाले श्रमिकों को 25 दिन अतिरिक्त रोजगार का प्रावधान किया है। शहरी क्षेत्र के लोगों के लिए इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना लागू की गई है।
आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की पहल पर शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों ने ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में निःशुल्क अध्ययन का मौका दिया है। ग्रामीण इसका लाभ उठाएं और अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने बेटियों को पढ़ाने का आह्वान भी किया।
इस दौरान रियाज बुहड़, पूगल एसडीएम सीता शर्मा, तहसीलदार रामेश्वर गढ़वाल, सुभान खान, अब्दुल सत्तार बुहड़, रामेश्वर गोदारा, ओमप्रकाश मेघवाल, नाजू खान, यूनुस खान आदि मौजूद रहे।
