Thar पोस्ट, न्यूज। बीकानेर के ह्रदय स्थल कोटगेट पर दो अलग अलग प्रदर्शन हुए। कांग्रेस सेवादल के राष्टीय नेतृत्व के आह्वान पर दो दिवसीय विरोध प्रदर्शन के प्रथम दिन आज सेवादल के सदस्यों ने प्रदेश उपाध्यक्ष कमल कल्ला के निर्देश व शहर अध्यक्ष अनिल व्यास के नेतृत्व में कोटगेट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूक कर विरोध जताया। साथ ही जिला कलक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौपकर कार्यवाही करने हेतु आग्रह किया। कमल कल्ला ने कहा कि बिना विपक्ष के सदन की परिकल्पना लोकतंत्र की हत्या है। भारतीय संविधान और इससे बनी पिछली सभी सरकारों ने पूरे विश्व में सुचिता की राजनीति के कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इतिहास गवाह है कि भारत में विपक्ष की आवश्यकता और प्रतिष्ठा को पिछली सभी सरकारों ने सम्मान दिया है। स्व जवाहर लाल नेहरू और स्व. अटल बिहारी वाजपेई ने अपने कार्यकाल में जो उदाहरण स्थापित किए, उससे पूरे विश्व को राजनीतिक दिशा मिली। रेलवे कर्मचारी नेता व सेवादल के शहर अध्यक्ष अनिल व्यास ने कहा कि विपक्ष को कुचलने की कोशिश असंवैधानिक है आज ये बेहद दुखद है कि भारत में राजनीतिक घटनाक्रम रोजाना निंदनीय रसातल को छू रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने जनमत को पाकर सरकार बनाई है लेकिन आज सरकार के द्वारा जन कल्याण के कार्यों को छोड़कर, विपक्ष के नेताओं और श्रीमती सोनिया गांधी और राहुल गांधी के विरुद्ध प्रवर्तन निदेशालय जैसी सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग एक निंदनीय उदाहरण स्थापित कर रहा है।
सेवादल के वरिष्ठ नेता शिव शंकर हर्ष ने कहा कि नेशनल हेराल्ड का गौरवशाली अतीत रहा है। अंग्रेजी हुकूमत को उखाडऩे के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने साल 1937 में नेशनल हेराल्ड अखबार निकाला था। अंग्रेजों को इस अखबार से इतना खतरा महसूस हुआ कि उन्होंने साल 1942 में ‘भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान नेशनल हेराल्ड पर प्रतिबंध लगा दिया, जो साल 1945 तक जारी रहा। सेवादल के वरिष्ठ नेता नृसिंहदास व्यास, धनसुख आचार्य, रईस अली, रामनिवास गोदारा, पार्षद प्रफुल हटिला, हंसराज विश्नोई, जाकिर नागौरी, हैदर बेग, एन.डी. कादरी, देवेश दुजारी, राजा काका, गौरव मूधंड़ा, लालचन्द गहलोत, रत्ना कलवानी, अकरम नागौरी सहित अनेक सेवादल कार्यकर्ता उपस्थित थे। *****

Thar पोस्ट, न्यूज। कोटगेट फाटक के पास शराब की दुकान खोलने को लेकर आज स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और ठेका नहीं खोलने की मांग की। मोहल्लेवासियों ने कोटगेट फाटक के बीच में खड़े होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रही। इन लोगों का कहना है कि शराब की दुकान के पास ही धार्मिक स्थल है। जिसके चलते धार्मिक कार्यक्रमों में व्यवधान भी पड़ेगा। इस सम्बंध में स्थानीय वार्ड 77 के पार्षद मनोज ने बताया कि इस सम्बंध में हमारी बात दो दिन पहले संभागीय आयुक्त से हुई थी। जिसके बाद आयुक्त ने आबकारी अधिकारी को ठेका खोलने से पहले उनसे जानकारी साझा करने के निर्देश दिए थे। आयुक्त ने ठेका नहीं खोलने के सम्बंध में अधिकारी को कहा था लेकिन उसके बाद भी शराब ठेकेदार के द्वारा रात के समय में आकर बोर्ड लगा दिया और दुकान में माल भर लिया है। पार्षद ने कहा कि हमारी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो हम मजबूरन सड़क जाम करेंगे जिसकी जिम्मेवारी प्रशासन की होगी।