Thar पोस्ट जोधपुर। हत्या के आठ दिन बाद भी ब्यूटीशियन अनीता चौधरी का पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। इस बीच हत्याकांड का मुख्य आरोपी गुलामुद्दीन आखिर पुलिस की गिरफ्त में आ गया। जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस ने उसे नवी मुंबई पुलिस की मदद से पकड़ा है। पुलिस एक टीम गुलामुद्दीन को आज जोधपुर लेकर आएगी। जोधपुर लाने के बाद गुलामुद्दीन की गिरफ्तारी की जाएगी। गुलामुद्दीन को आज कब तक जोधपुर लाया जाएगा इस मसले पर पुलिस ने चुप्पी साध रखी है। गुलामुद्दीन की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई बड़े राज खुलने की संभावना है।
इस बारे में बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड के पीछे कई बड़े लोगों की मिलीभगत है। मृतका के परिजन मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग कर रहे थे लेकिन अब जोधपुर पुलिस ने गुलामुद्दीन को पकड़ लिया
है।
आठ दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक अनीता चौधरी के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। उसका शव छह टुकड़ों में एम्स अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है। अब तक पुलिस पर आरोप लगा रहे अनीता के परिजनों पर अब पुलिस ने जांच में सहयोग नहीं करने का बड़ा आरोप लगाया है। पुलिस के आलाधिकारी गुरुवार को अनीता के पति मनमोहन और बेटे राहुल को जांच में सहयोग करने के लिए सफीना नोटिस देने धरना स्थल पर पहुंचे, लेकिन वे दोनों ही वहां से गायब थे। लिहाजा पुलिस ने धरना स्थल पर नोटिस चस्पा कर दिया।