Thar पोस्ट, न्यूज। राजस्थान में जोधपुर डिस्कॉम के श्रीगंगानगर बनवाली, लालगढ़ जाटान में ड्यूटीरत जेईएन गौरव सिंह एसीबी के हत्थे चढ़ गया। उसे परिवादी से 20 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों शनिवार को गिरफ्तार किया गया है।भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी के अनुसार एसीबी की श्रीगंगानगर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि मकान का बिजली कनेक्शन करने की एवज में गौरव सिंह 35 हजार रुपए घूस मांग कर परेशान कर रहा है।एसीबी, जयपुर के महानिरीक्षक पुलिस सवाई सिंह गोदारा के सुपरविजन में एसीबी श्रीगंगानगर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन मीणा के नेतृत्व में शिकायत का वेरिफिकेशन किया गया। शनिवार को उप अधीक्षक पुलिस भूपेन्द्र कुमार सोनी और उनकी टीम ने ट्रैप कार्यवाही करते हुए गौरव सिंह पुत्र रामचंद्र निवासी 913, शालीमार गार्डन, गाजियाबाद उत्तरप्रदेश हाल निवासी लालगढ़, श्रीगंगानगर को परिवादी से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जेईएन ने शिकायत करने से पहले 10 हजार रुपए और शिकायत के सत्यापन के दौरान भी 5 हजार रुपए रिश्वत के रूप में वसूल कर लिए थे।एसीबी के महानिरीक्षक पुलिस सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच पड़ताल की जा रही है। एसीबी अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल-फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1064 और Whatsapp हेल्पलाइन नम्बर 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी। एसीबी राजस्थान राज्य में राज्य कर्मियों के साथ-साथ केन्द्र सरकार के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए भी अधिकृत है।