Thar पोस्ट, न्यूज। राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने में विफल रहा कर्मचारी चयन बोर्ड इंटरनेट बंद कराना चाहता है। राजस्थान के 11 जिलों में होने वाली शिक्षक भर्ती को लेकर 4 दिन लोगों को सुबह 6 से शाम 6 बजे तक परेशान करने की तैयारी है। नेटबंदी के बाद भी राज्य में कई ऐसी भर्ती परीक्षाएं हैं, जिनके पेपर लीक हुए है।प्रदेश में 48,000 पदों के लिए 25, 26, 27 फरवरी और 1 मार्च को शिक्षक भर्ती परीक्षा होने जा रही है। परीक्षा प्रदेश के 11 जिलों में होगी। परीक्षा में नकल और पेपर लीक को रोकने के लिए कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से शुक्रवार को मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इन चार दिन में नेटबंदी करने की मांग की गई है। इसके बाद गृह विभाग ने सभी संभागीय आयुक्त को पत्र लिखकर नियम अनुसार कार्रवाई की मांग की है। ऐसे में 11 जिलों में शनिवार सुबह 6 से शाम 6 बजे तक नेटबंदी की जा सकती है।भर्ती परीक्षा में नकल रोकने के लिए इस बार आयोग की ओर से जयपुर, जोधपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, कोटा, बीकानेर, टोंक, भरतपुर, अलवर, श्रीगंगानगर और उदयपुर जिले में परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।
11 जिलों में 25 फरवरी से 1 मार्च तक 9 पारियों में भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए 9 लाख 64 हजार अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। इस दौरान 25 फरवरी को पहली पारी में लेवल वन की परीक्षा आयोजित की जाएगी।इसके 25 फरवरी को ही दूसरी पारी से 1 मार्च तक लेवल 2 के सब्जेक्ट के अनुसार भर्ती परीक्षा होगी। जिसके लिए 2940 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से निर्धारित ड्रेस कोड में डेढ घंटे पहले पहुंचने पर ही अभ्यर्थियों को एंट्री दी जाएगी।