Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। संभागीय आयुक्त श्रीमती वंदना सिंघवी तथा पुलिस महानिरीक्षक श्री ओमप्रकाश ने शुक्रवार को पूगल, बदरासर तथा बीकानेर के मुक्ता प्रसाद नगर क्षेत्र में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान संभागीय आयुक्त श्रीमती वंदना सिंघवी ने निर्देश दिए कि मतदान के दौरान मतदान केंद्रों में मतदाताओं के लिए की जाने वाली सभी व्यवथाएं समय रहते कर ली जाएं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, छाया, पानी, रैंप, ट्राई साइकिल आदि की उचित व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जागरूकता की विभिन्न गतिविधियां चलाई जाए। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि चुनाव केंद्र के आसपास की वर्जित गतिविधियां किसी स्थिति में संचालित नहीं हों, यह सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय रखें। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन न हो तथा उचित कानून व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान मतदाता जागरूकता की गतिविधियों, 14 अप्रैल के आओ बूथ चले अभियान और सतरंगी सप्ताह की समीक्षा की गई।
निजी अस्पतालों व डायग्नोस्टिक सेंटर्स द्वारा दिया गया अधिक से अधिक मतदान का संदेश
बीकानेर। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिले के निजी अस्पतालों, लैब व डायग्नोस्टिक सेंटर्स द्वारा शुक्रवार को मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर शत-प्रतिशत व निष्पक्ष मतदान का संदेश दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नम्रता वृष्णि के आह्वान पर निजी चिकित्सा संस्थानों ने ठीक प्रातः 11:15 बजे स्टाफ, मरीजों व उनके परिजनों के साथ संगोष्ठी व शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर ही वोटर हेल्पलाइन तथा सी विजिल एप इंस्टॉल करवाए गए। निष्पक्ष मतदान तथा स्वस्थ लोकतंत्र के लिए आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों पर चर्चा की। स्वास्थ्य विभाग के स्वीप नोडल अधिकारी एवं आरसीएचओ डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि विभिन्न अस्पतालों व लैब द्वारा ओपीडी में स्वागत हेतु मतदान रंगोली सजाई गई और संस्थान के मुख्य द्वार व वेटिंग एरिया में पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए। ओपीडी प्रिस्क्रिप्शन तथा डायग्नोस्टिक रिपोर्ट पर ’19 अप्रैल को मतदान अवश्य करें’ लिखी मुहर लगाई गई जिससे स्वास्थ्य के साथ स्वस्थ लोकतंत्र की नींव मजबूत हो सके। जिला कार्यक्रम समन्वयक मालकोश आचार्य, महेंद्र सिंह चारण तथा ईशान पुष्करणा द्वारा विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के आयोजनों में पहुंचकर भागीदारी की गई। डॉ. शैफाली दाधीच, डॉ पंकज मोहता, डॉ सुनील तंवर, डॉ मंजू कच्छावा सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ द्वारा वीडियो रील द्वारा मतदान की अपील जारी की गई। एक दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान में कोठारी हॉस्पिटल, एपेक्स हॉस्पिटल, जीवन रक्षा, श्रीराम, श्री कृष्णा, सुगनी देवी जेशराज अस्पताल, एएसजी आई हॉस्पिटल, मारवाड़, फ्लोरल, सन शाइन हॉस्पिटल, सुराना नर्सिंग होम, शुभम नर्सिंग होम, नोखा की लक्ष्मी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, श्री डूंगरगढ़ की तुलसी मेडिकल सहित जिले भर के निजी अस्पतालों ने भागीदारी की। वहीं कच्छावा डायग्नोस्टिक सेंटर, बोथरा डायग्नोस्टिक, विकास अल्ट्रासाउंड, आयुष, स्वास्थ्यम लैब, गोयल, अभिश्रेय डायनॉस्टिक, पवन सोनोग्राफी लूणकरणसर, डी आर लैब सहित जिले भर की लैब व डायग्नोस्टिक सेंटर ने भी जागरूकता की अलख जगाई।
निगम के स्वच्छता कर्मी पैदल मार्च से देंगे शत प्रतिशत मतदान का संदेश
बीकानेर नगर निगम के स्वच्छता कर्मी शनिवार को पैदल मार्च निकालकर आमजन को शत प्रतिशत मतदान का संदेश देंगे।
नगर निगम आयुक्त अशोक कुमार असीजा ने बताया कि निगम के समस्त स्वच्छता कर्मी शनिवार सायं 4.30 बजे आयोजित से होने वाली स्वच्छता जागरूकता पैदल मार्च में भागीदारी निभाएंगे और 19 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान की अपील करेंगे। उन्होंने बताया कि जागरूकता रैली नगर निगम परिसर से शुरू होकर, जूनागढ़ के आगे से कलेक्ट्रेट होते हुए गांधी पार्क पहुंचेगी। कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा स्वच्छता कर्मियों और समस्त प्रतिभागियों को मतदान की शपथ दिलाई जाएगी। निगम आयुक्त ने शुक्रवार को इस संबंध में बैठक की और कार्मिकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
मतदाता जागरूकता की मुहीम से जुड़ेंगे निजी स्कूल
पैपा के पोस्टर का हुआ विमोचन
बीकानेर। मतदाता जागरूकता अभियान की मुहीम से अब जिले के निजी विद्यालय भी जुड़ गए हैं। आगामी 19 अप्रैल 2024 को होने वाले लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) द्वारा पोस्टर तैयार किए गए हैं। यह पोस्टर विभिन्न निजी स्कूलों में लगाए जाएंगे।
मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से तैयार किए गए इन पोस्टर का विमोचन शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त श्री अशोक कुमार असीजा, प्रशिक्षु आईएएस श्री यक्ष चौधरी, जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक हरिशंकर आचार्य, स्वीप प्रकोष्ठ के गोपाल जोशी, पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल एवं लोकेश कुमार मोदी ने किया। खैरीवाल ने बताया कि पैपा से संबद्ध राज्यभर के स्कूलों में यह पोस्टर भिजवाए जा रहे हैं। स्कूलों द्वारा निर्वाचन तिथि तक मतदान जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।