Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान के मौसम विभाग ने सूबे के 6 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। कोटा, पाली, टोंक, बूंदी, भीलवाड़ा और अजमेर में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ अति तेज बारिश की प्रबल संभावना है। अजमेर जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र आज तीव्र होकर अवदाब में परिवर्तित हो चुका है। आगामी 48 घंटों में इसके राजस्थान की ओर बढ़ने की संभावना है। ऐसे में कोटा, जयपुर और अजमेर संभाग में शुक्रवार को पूर्वी राजस्थान में उपरोक्त तंत्र का सर्वाधिक प्रभाव होने की संभावना है। कोटा संभाग के कुछ भागों में भारी, अतिभारी बारिश व कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।