Thar पोस्ट, न्यूज। जन्म के समय लिंगानुपात सुधारने तथा बेटियों और महिलाओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिले में चलाए जा रहे ‘शक्ति’ अभियान के तहत गुरुवार को ‘एक पौधा सुपोशित बेटी के नाम और बेटी जन्मोत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पीबीएम अस्पताल में आयोजित समारोह के दौरान जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने 30 नवजात बेटियों की माताओं को बेबी किट और बधाई संदेश तथा इनमें से डिस्चार्ज होने वाली 9 बेटियों की माताओं को सहजन फली का पौधा भी प्रदान किया। इस दौरान केक काटकर बेटी जन्म की खुशियां मनाई गई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि पिछले दो वर्षों से जिले में जन्म के समय बेटियों की संख्या प्रति हजार बेटों की तुलना में कम हो रही है। यह चिंता का विषय है। इसके प्रति समाज को जागरुक करने तथा बेटी और बेटे को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध करवाने के प्रति जागरुकता के लिए ‘शक्ति’ अभियान प्रारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में स्त्री-पुरूष की भागीदारी समान होती है। ऐसे में बेटे और बेटी में भेद करना तर्कहीन है। इसके मद्देनजर जागरुकता के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा बेटी जन्म को उत्सव के रूप में मनाने तथा कन्या जन्म पर ‘सहजन फली’ का पौधा देने की परम्परा प्रारम्भ की गई है। उन्होंने कहा कि इसमें कैल्सियम और प्रोटीन की प्रचुर मात्रा होती है तथा वैज्ञानिक शोध के अनुसार डायबिटीज और हृदय रोगों के इलाज में लाभदायक है। इन पौधों के वितरण से बेटियों के बेहतर पोषण का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान में पीसीपीएनडीटी के तहत सख्त कार्यवाही की जाएगी।
महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक मेघा रतन ने बताया कि नेशनल फैमिली हैल्थ सर्वे के अनुसार बीकानेर में लगभग 59 प्रतिशत महिलाओं में खून की कमी पाई गई है। इसी प्रकार 46.6 प्रतिशत गर्भवती महिलाएं एनीमिक हैं। इनके अलावा वर्ष 2019-20 में जन्म के समय सेक्स रेस्यो प्रति हजार बच्चों पर 978 थी, जो बाद के दो वर्षो में घटकर 2020-21 में 970 और 2021-22 में 962 रह गई। इस अनुपात को सुधारने के उद्देश्य से ‘शक्ति’ अभियान प्रारम्भ किया गया है।इस दौरान पीबीएम के कार्यवाहक अधिकारी डॉ. बीएल खजोटिया, डॉ. संतोष खजोटिया, महिला अधिकारिता विभाग के संरक्षण अधिकारी सतीश पड़िहार, विजय लक्ष्मी जोशी आदि मौजूद रहे।

Thar पोस्ट, न्यूज। अमर शहीद मंगल पांडे की पुण्यतिथि से पूर्व शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि मंडल ने आज संभागीय आयुक्त नीरज के पवन और जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल से वार्ता कर बीकानेर में अमर शहीद मंगल पांडे के नाम से सर्किल घोषित करते हुए उनकी प्रतिमा स्थापित करवाने की मांग रखी।संभागीय आयुक्त ने कहा कि वास्तव में बहुत अच्छा विषय है और आश्वस्त रहिये जल्द ही इसको अमलीजामा पहनाया जाएगा और आप लोगो के पास चिन्हित स्थान हो तो भी बता दीजिए ताकि जल्द ही इस पर कार्यवाही हो सके।प्रतिनिधि मंडल के आर के शर्मा ने संभागीय आयुक्त से कहा कि बहुत से सर्किल खाली पड़े है । जिला कलेक्टर से वार्ता के दौरान जिला कलेक्टर ने भी आश्वश्त किया कि इस मांग पर जल्द ही निर्णय किया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण बन्धु चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष आर.के.शर्मा. मुंधाड़ा भोजक पंचायत समिति के अध्यक्ष दुर्गादत्त भोजक, भाई बन्धु चेरिटेबल ट्रस्ट के संरक्षक सत्यदेव शर्मा, शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण पुजारी समिति से पुरषोतम सेवक, शाकद्वीपीय ब्राह्मण युवा संगठन से नितिन वत्सस, शाकद्वीपीय वेलफेयर सोसायटी से अश्वनी सावलेरा शामिल थे।