Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। राजस्थान में गाइड लाईसेंस के लिए परीक्षा 21 अगस्त को है। इसके प्रति युवाओं में खास उत्साह देखा जा रहा है। बीकानेर में भी लोकल व राज्य स्तरीय परीक्षा आयोजित की जा रही है जिसकी पर्यटन विभाग ने तैयारी पुरी कर ली है। बेरोजगार युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर : राजस्थान सरकार द्वारा गाइड लाइसेंस प्रदान किये जाते है। गाइड लाइसेंस लेकर युवा देशी-विदेशी पर्यटकों को राजस्थान के बारे में गहराई से जानकारी देकर उन्हें गाइड कर, अच्छी आय अर्जित कर सकता है। गाइडिंग के लिए पर्यटन विभाग की दरें तय है। इसमे हाफ डे और फुल डे विजिट शामिल है। प्राइवेट टूर ट्रेवल कंपनियां भी गाइड रखती है। इसके अलावा वीआईपी विजिट में भी पर्यटन विभाग गाइड की व्यवस्था करता है। इसलिए इस परीक्षा को पास करने के बाद कई ऑप्शन खुल जाते है। लेकिन इसमें जॉब की कोई गारंटी नही होने की वजह से आवेदन बहुत कम आते है। यह भी इतिहास रहा है कि प्रत्येक जिले में हर बार सौ से अधिक लाइसेंस दिए जाते हैं लेकिन सक्रिय रूप से 10 जने भी गाइडिंग नही करते और अन्य व्यवसाय अपना लेते हैं। जानकारी में रहे कि बीकानेर सहित राजस्थान के अन्य जिलों में अनेक गाइड ने फ्रेंच, जर्मन, इटेलियन भाषा पर पकड़ कर अपनी जिंदगी बदली है। अनेक गाइड पर्यटन व्यवसाय भी कर रहे हैं। इसलिए है उत्साह : राजस्थान में करीब एक दशक बाद यह परीक्षा हो रही है इसके चलते खास उत्साह युवाओं में देखा जा रहा है। जानकारी में रहे कि इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने के बाद आपको किसी सरकारी महकमे में जॉब नही मिलेगी, लेकिन आपको स्व रोजगार का शानदार अवसर मिलेगा। आप स्वतंत्र रूप से अच्छी आय प्राप्त कर सकते हैं। पर्यटन विभाग बीकानेर के उपनिदेशक कृष्ण कुमार ने बताया कि 21 अगस्त को दो पारियों में परीक्षा होगी। इसमे सुबह लोकल व दोपहर राज्यस्तरीय परीक्षा होगी। जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।