Thar पोस्ट, न्यूज। बीकानेर के सरकारी कार्यालय भी अब चोरों की राडार में है। बीकानेर शहर के सूचना केंद्र व बीकानेर के ही पांचू के एक सरकारी स्कूल से चोर कम्प्यूटर, लैपटॉप सहित कई सामान उड़ा लिए है। कोटगेट थाने से थोड़ी दूरी पर स्थित सूचना और जनसम्पर्क विभाग, पीआरओ ऑफिस से इन्वर्टर की भारी बैटरी चोरी की गई है। दोनों मामलों में पुलिस जाँच कर रही है। पांचू के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल, सांईसर ढाणी के कार्यवाहक प्रधानाध्यापक मोहनराम बिश्नोई ने पुलिस को रिपोर्ट की है कि उनके स्कूल से इलेक्ट्रानिक टीवी, लैपटॉप, प्रिंटर, डिजिटल घड़ी, माइक, माइक कोड सहित कई सामान चोरी हो गई है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने छानबीन शुरू की है। स्कूल में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, जिससे चोरों का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। सूचना और जनसम्पर्क विभाग की उप निदेशक भाग्यश्री गोदारा ने एफआईआर दर्ज करवाई है कि ऑफिस से अज्ञात व्यक्ति ने इन्वर्टर की दो बैटरी चोरी की हैं। ये दोनों बहुत भारी थीं, लेकिन चोर ने इन्हें उठा लिया है। यह ऑफिस कोटगेट थाने से महज दो-तीन सौ मीटर की दूरी पर है। रात के समय रेलवे स्टेशन पर काफी चहल-पहल होती है, पुलिस थाना भी खुला रहता है। इसके बावजूद, चोर को बैटरी ले जाने में किसी ने रोका नहीं है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर का पता लगाने का प्रयास कर रही है।