Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। बीकानेर में छात्र राजनीति अब गरमाई हुई है। जिले में विभिन्न महाविधालयों चुनावी धूम मची है। बेसिक कॉलेज में सभी निर्विरोध निर्वाचित हुए है। एबीवीपी के जयनारायण व्यास अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। इस पद पर अश्वनी जोशी ने अपना नामांकन वापिस ले लिया। जबकि मनीष ज्याणी का पर्चा खारिज कर दिया गया है। उनके विरूद्व 2021 में एक मुकदमें के चलते पर्चा खारिज हुआ है। उपाध्यक्ष माधवी व्यास,महासचिव पद पर खूशबू रामावत और संयुक्त सचिव पद पर अभिषेक चौधरी निर्वाचित घोषित किये गये है। वहीं बिन्नाणी कन्या महाविद्यालय में एनएसयूआई समर्थित डिम्पल राठी को अध्यक्ष व एबीवीपी समर्थित भूमिका आचार्य को उपाध्यक्ष पद के लिये निर्विरोध निर्वाचित किया गया। शेष पदों में किसी की ओर से नामांकन नहीं भरा गया। संस्कृत कॉलेज में छह वर्षों के बाद छात्रसंघ चुनाव में किसी निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी है। यहां प्रदीप सारस्वत को निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। उपाध्यक्ष पद पर निदेश तावणियां, महासचिव पद के लिए रमेश शर्मा, संयुक्त सचिव पद के लिए विशाल सोलंकी सहित पूरा पैनल ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुआ है। इधर नेहरू शारदा पीठ में महासचिव पद पर राजेश साध निर्वाचित घोषित किये गये।
कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त: 26 अगस्त को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। जिला मजिस्ट्रेट भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि जिले के विभिन्न विश्वविद्यालयों महाविद्यालयों में 26 अगस्त को प्रात: 8 से दोपहर 1बजे तक छात्र संघ के विभिन्न पदों के लिए निर्वाचन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। मतगणना 27 अगस्त को प्रात: 10 बजे से प्रारंभ होगी। इस दौरान संबंधित मतदान केन्द्र और मतगणना केंद्रों पर कानून व्यवस्था का संधारण करने के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।उन्होंने बताया कि अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (नगर) पंकज शर्मा को बीकानेर शहरी क्षेत्र के लिए तथा अतिरिक्त जिला अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन ) ओमप्रकाश को जिले के ग्रामीण क्षेत्र में छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था के लिए प्रभारी मजिस्ट्रेट बनाया गया है।जिला मजिस्ट्रेट भगवती प्रसाद ने बताया कि राजकीय डूंगर महाविद्यालय तथा राजकीय विधि महाविद्यालय बीकानेर के लिए उपखंड मजिस्ट्रेट बीकानेर अशोक कुमार को, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज तथा एमएन कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट बीकानेर के लिए उप महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग रामचंद्र बेरवा को, बेसिक महाविद्यालय, बिनानी कन्या महाविद्यालय तथा एन एस पी पीजी कॉलेज बीकानेर के लिए अतिरिक्त आयुक्त उपनिवेशन रामरतन सोकरिया को, राजकीय महारानी सुदर्शना महाविद्यालय के लिए सहायक निदेशक लोक सेवाएं श्रीमती सवीना विश्नोई को कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।इसी प्रकार जैन पीजी कॉलेज, जैन कन्या महाविद्यालय तथा सेठ रावतमल बोथरा गर्ल्स कॉलेज के लिए उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग शारदा चौधरी को, बीजेएस रामपुरिया जैन कॉलेज के लिए उपायुक्त उपनिवेशन विभाग कन्हैयालाल सोनगरा तथा महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के लिए उपायुक्त नगर निगम सुमन शर्मा को कार्यपालक मजिस्ट्रेट बनाया गया है । वेटरनरी विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय ,स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय व कृषि महाविद्यालय के लिए कपूरीशंकर मान को कार्यपालक मजिस्ट्रेट बनाया गया है।उन्होंने बताया कि राजकीय कन्या महाविद्यालय नोखा, श्री जैन आदर्श कन्या महाविद्यालय नोखा, श्री बालाजी महाविद्यालय साधासर तथा राजकीय एमएलबी कॉलेज नोखा के लिए उपखंड मजिस्ट्रेट नोखा को , राजकीय महाविद्यालय लूणकरणसर के लिए उपखंड मजिस्ट्रेट लूणकरणसर को, राजकीय महाविद्यालय खाजूवाला के लिए उपखंड मजिस्ट्रेट खाजूवाला को, आदेश महाविद्यालय कोलायत तथा राजकीय महाविद्यालय कोलायत तथा राजकीय महाविद्यालय हदां के लिए उपखंड मजिस्ट्रेट कोलायत को कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।