Thar पोस्ट। बारिश के दिनों में सांपों का मिलना आम बात है, यदि एक साथ अनेक सांप निकले तो सांसें थम सी जाती है। बिहार के जहानाबाद के एक पुलिस थाने में सांप का झुंड मिलने से पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। यहाँ के कड़ौना ओपी में फन फैलाए जहरीले सांपों का झुंड देखने को मिला। सांपों को देखते ही पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दी। इसके बाद सांपों को पकड़ने के लिए नालंदा जिले के हिलसा से सपेरों को बुलाया गया। फन फैलाये ये सांप फुफकार रहे थे। डसने को तैयार थे। सभी के पैर जमीन से चिपके हुए थे।

बाद में सपेरों ने बड़ी मुश्किल से लाठी की मदद से एक या दो नहीं, बल्कि 8 सांपों को काबू में किया। यह देख पुलिसकर्मियों की सांसें थम गईं। इसमें ज्यादातर जहरीले ब्लैक कोबरा थे। सांप की फुफकार लोगों को डरा रही थी। इस दौरान कोबरा ने सपेरे को डंसने का प्रयास भी किया, लेकिन सपेरे ने बड़ी होशियारी से सांप को थैली में बंद किया।

खतरनाक सांपों का झुंड निकलने की सूचना पाकर मौके पर एसपी दीपक रंजन भी पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। थाने में सांप निकलने के सवाल पर एसपी ने बताया कि इस ओपी में बरसात के समय हर साल सांप निकलता है। इस बार भी एक साथ 8 सांप को सपेरों ने पकड़ा है।