Thar पोस्ट, जयपुर। उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने बताया कि मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2021-22 में राज्य में खोले गए 35 नवीन राजकीय महाविद्यालयों को इसी सत्र से आरंभ करने की प्रक्रिया के अधीन इनमें अध्यापन करवाये जाने वाले विषयों की स्वीकृति सोमवार को जारी कर दी गई है।उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि बीकानेर जिले में श्रीडूंगरगढ़ की राजकीय कन्या महाविद्यालय में हिन्दी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, इतिहास, राजनीति विज्ञान,भूगोल, समाज शास्त्र व लोक प्रशासन विषय खोलने की स्वीकृति जारी की गई है।
उच्च शिक्षा मंत्री भाटी ने बताया कि राजकीय कन्या महाविद्यालया, नोखा में हिन्दी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, राजनीति विज्ञान, इतिहास, समाज शास्त्र, गृह विज्ञान व लोक प्रशासन विषय की स्वीकृति जारी की गई है।उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय हदां में कला व विज्ञान संकाय खोला गया है। इसमें कला संकाय में हिन्दी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, समाज शास्त्र, अर्थशास्त्र विषय की और विज्ञान संकाय में वनस्पति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र व प्राणी शास्त्र व गणित विषय की स्वीकृति जारी की गई हैं। इन महाविद्यालयों में अनिवार्य विषय पर्यावरण एवं कम्पूटर को शामिल करते हुए अध्यापन की स्वीकृति जारी की है।
बालिका शिक्षा को बढावा देने के लिए नापासर में स्वीकृत हो बालिका महाविद्यालय- द्वारकाप्रसाद पचीसिया
श्रीमती सी.एम. मूंधडा चेरिटेबल ट्रस्ट मुंबई के प्रतिनिधि द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने उच्च शिक्षा राज्यमंत्री भंवर सिंह भाटी से मुलाक़ात कर बालिका शिक्षा क्षेत्र को बढावा देने हेतु नापासर में गर्ल्स महाविद्यालय पास करने की मांग की | ट्रस्ट प्रतिनिधि द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि नापासर के आस-पास लगभग 30 गाँव लगते हैं और स्वयं नापासर की आबादी तकरीबन 45 हजार के करीब है और नापासर सरकारी विद्यालय में 1200 से अधिक बालिकाएं शिक्षा प्राप्त कर रही है | इन बालिकाओं की उच्च शिक्षा के मद्देनजर नापासर कस्बे में गर्ल्स महाविद्यालय की नितांत आवश्यकता महसूस की जा रही है | नापासर में महाविद्यालय निर्माण हेतु नापासर के प्रधान द्वारा भूमि उपलब्ध करवाने की सहमति प्राप्त हो चुकी है और इस हेतु श्रीमती सी.एम. मूंधड़ा चेरिटेबल ट्रस्ट मुंबई उपलब्ध भूमि पर महाविद्यालय की बिल्डिंग का निर्माण का खर्च ट्रस्ट से वहन करेगी । ताकि नापासर की बालिकाओं को अपने कस्बे में ही उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सके और नापासर शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर सके। साथ ही सी.एम. मूंधड़ा चेरिटेबल ट्रस्ट के प्रतिनिधि के रूप में द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने उच्च शिक्षा राज्यमंत्री का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत भी किया। इस अवसर पर नरेश मित्तल,शंभूदयाल गुप्ता एवं पवन पचीसिया आदि उपस्थित हुए।