Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने मंगलवार को देशनोक के अगुणा मोहल्ला में संचालित इंदिरा रसोई का निरीक्षण किया। इसका संचालन 18 सितंबर को प्रारंभ हुआ था।ऊर्जा मंत्री ने भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया और कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति को शुद्ध भोजन मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। इस रसोई का संचालन रामप्रताप हनुमानदास मूंधड़ा चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। भोजन के लिए आमजन से ली जाने वाली राशि (8 रुपए) का वहन ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश मूंधड़ा,
पार्षद हंसा राम मेघवाल, गोपाल राम मेघवाल, सहस्रदान चारण, गजानंद स्वामी, नरेश दान सहित मेघवाल समाज के लोग मौजूद रहे।शिक्षा मंत्री ने सुनी आमजन की समस्याएं : शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने मंगलवार को अपने आवास पर आम जन से मुलाकात की तथा जन समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इनके निस्तारण के लिए निर्देशित किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने आमजन से मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पंजीकरण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देशभर की अभिनव योजना का आमजन को भरपूर लाभ मिल रहा है। कोई भी परिवार पंजीकरण से वंचित नहीं रहे, इसके प्रयास किए जाएं। उन्होंने राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों को युवा खिलाड़ियों के लिए दूरगामी परिणाम वाला बताया तथा कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की घोषणा के अनुरूप शहरी ओलंपिक खेलों का भव्य आयोजन किया जाए। उन्होंने दीपावली के मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए।
