Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के पवन के. निर्देशानुसार रविवार को भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही हुई। इस दौरान रानी बाजार पुलिया से पट्टी पेड़ा, खान कॉलोनी की ओर बनी हुई विभिन्न दुकानों की आगे की चौकियां और अतिक्रमण हटाए गए। संभागीय आयुक्त ने मौके पर रहकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि लगभग पंद्रह करोड़ रुपए की भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया। इस दौरान नगर निगम नगर, विकास न्यास के अधिकारी तथा पुलिस विभाग का जाब्ता मौजूद रहा। खान कॉलोनी क्षेत्र से रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाले रास्ते पर अवैध रूप से बनाए गए 70 कमरे ध्वस्त किए गए। संभागीय आयुक्त ने कहा कि किसी भी स्थिति में अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही नियमित रूप से की जाएगी।

पब्लिक पार्क में बनेगा मातृशक्ति पार्क, मदर्स डे के अवसर पर शिक्षा मंत्री ने की घोषणा

Thar पोस्ट बीकानेर। पब्लिक पार्क के प्रवेश द्वार के पास इंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल वाले पार्क को मातृशक्ति पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा।शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने रविवार को मदर्स डे के अवसर पर इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति शिक्षित, शक्तिवान और स्वावलंबी बने, मातृशक्ति पार्क इसकी प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि मां ही बच्चे की पहली गुरु होती है। मां के ऋण को कभी उतारा नहीं जा सकता। युवाओं में यह भावना विकसित हो, इसके मद्देनजर इस पार्क को नया रूप दिया जाएगा।शिक्षा मंत्री ने बताया कि यहां सेल्फी प्वाइंट, गार्डन विकास, झूले, इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर पॉलिश तथा माल्यार्पण के लिए स्टील की रेलिंग लगाई जाएगी। यहां बैठने के लिए आकर्षक बेंचें लगाई जाएगी और सौंदर्यीकरण के लिए यहां लाइटिंग भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पर लगभग 5 लाख रुपए व्यय होंगे। यह राशि नगर विकास न्यास द्वारा खर्च की जाएगी।

ईवीएम-वीवीपेट की प्रथम स्तरीय जांच सोमवार से

बीकानेर। ईवीएम-वीवीपेट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) सोमवार से रथखाना कॉलोनी स्थित ईवीएम वेयर हाउस में प्रारंभ होगी।जिला निर्वाचन अधिकारी भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि इस दौरान 1994 बैलेट यूनिट तथा इतनी ही कंट्रोल यूनिट के अलावा 2153 वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच की जाएगी। जांच का यह कार्यक्रम 10 जून तक चलेगा। इससे जुड़ी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रतिदिन प्रातः 9 से सायं 7 बजे तक प्रतिदिन चलेगा। इस दौरान शनिवार और रविवार को भी यह एफएलसी की जाएगी। इस कार्य के लिए एफएलसी नोडल ऑफिसर तथा एफएलसी सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। यह एफएलसी भारत इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (बेल) के अभियंताओं द्वारा की जाएगी। इसके लिए राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। एफएलसी का कार्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कड़ी सुरक्षा मापदंडों में होगा।