Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर बुधवार को जिले में कोटपा एक्ट के तहत 770 चालान करते हुए 4 हजार 778 रुपए वसूले गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद अबरार पवार ने बताया कि इस दौरान बीकानेर शहर और ब्लॉक में 267 चालान किए गए तथा 2 हजार 286 वसूले गए। वहीं श्रीकोलायत में 182 चालान से 710, लूणकरणसर में 206 से 620, खाजूवाला में 40 से 600, श्रीडूंगरगढ़ में 45 से 410 तथा नोखा में 30 चालान करते हुए 150 रुपए वसूले गए। उन्होंने बताया कि इस दौरान आमजन को तंबाकू का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया गया चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में शपथ दिलाई गई तथा तंबाकू के दुष्प्रभाव के बारे में बताया गया।

संभागीय आयुक्त के आह्वान पर स्वेच्छा से बंद रखी पान की दुकानें
माह के अंतिम दिन नहीं किया तंबाकू उत्पादों का विक्रय
बीकानेर। संभागीय आयुक्त डॉ.नीरज के.पवन के आह्वान पर बीकानेर पान मर्चेंट एसोसिएशन से संबद्ध दुकानों ने बुधवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस और माह के अंतिम दिवस के अवसर पर स्वेच्छा से दुकानें बंद रख इस दिन को ‘नो टोबैको डे’ के रूप में मनाया।
उल्लेखनीय है कि संभागीय आयुक्त ने गत दिनों आयोजित बैठक में प्रत्येक माह के अंतिम दिवस को तंबाकू उत्पादों का विक्रय नहीं करने का निर्णय लिया गया।
इस श्रृंखला में बुधवार को पान विक्रेताओं ने दुकानें बंद रखी और तंबाकू उत्पादों का उपयोग नहीं करने का संदेश दिया। इस प्रकार अब साल में बारह दिन नो टोबैको दिवस होंगे।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि युवा पीढ़ी को तंबाकू सेवन से दूर रखने की दिशा में एसोसिएशन द्वारा लिया गया निर्णय सराहनीय है। इस कार्य से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा तथा आमजन तंबाकू से होने वाली हानियों के प्रति जागरूक हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने में प्रत्येक व्यक्ति भागीदारी अवश्य निभाएं तथा तंबाकू के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता में भागीदारी निभाएं।