Thar पोस्ट न्यूज। लोकसभा चुनाव के तहत मतदान दलों के द्वितीय प्रशिक्षण 3 से 13 अप्रैल तक आयोजित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नम्रता वृष्णि ने बताया कि पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी (प्रथम) के द्वितीय प्रशिक्षण 3 से 7 अप्रैल तक राजकीय डूंगर महाविद्यालय और राजकीय विधि पीजी महाविद्यालय में होंगे। यहीं मतदान अधिकारी (द्वितीय व तृतीय) का दूसरा प्रशिक्षण 8 से 13 तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षणों के लिए संबंधित कार्मिकों को सूचना प्रेषित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम, पोल प्रोसेस और पोस्टल बैलेट की जानकारी के अलावा मतदान से जुड़ी सामग्री लेने और वापस जमा करवाने संबंधी जानकारी दी जाएगी। इस दौरान मतदान दलों को मशीन हेण्डसऑन ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर डॉ. वाईबी माथुर, डॉ. सुरेंद्र राठी, डॉ. शमींद्र सक्सेना, डॉ. विपिन सैनी सहित अन्य प्रशिक्षकों की टीम द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध निर्माण सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
सैलून और फ्लोर मिल्स पर दिलाई मतदान की शपथ, किया जागरूक
लोकसभा चुनाव के दौरान जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता की सघन गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इस दौरान महिला मतदान प्रतिशत वृद्धि पर सर्वाधिक ध्यान दिया जा रहा है। यह गतिविधियां 30 मार्च को प्रारंभ हुई। इस श्रंखला में मंगलवार को इन क्षेत्रों की हेयर सैलून और फ्लोर मिल्स आदि में मतदाताओं को मतदान से जुड़ी जानकारी दी गई और मतदान की शपथ दिलाई गई। लक्षित वर्ग को चुनाव आयोग की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए जारी किए गए विभिन्न ई-टूल्स एवं सुविधाओं के बारे में बताया गया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और स्वीप प्रभारी सोहन लाल ने बताया कि कार्यक्रमों की इस श्रंखला में 3 अप्रैल को परचून और उचित मूल्य की दुकानों पर मतदाताओं से चर्चा एवं मतदान की शपथ होगी। चार अप्रैल को युवा मतदाताओं द्वारा साइकिल रैली एवं बाइक रैली निकाली जाएगी। पांच अप्रैल को सार्वजनिक स्थान, पीपल गट्टा, चौपाल पर चर्चा व मतदान शपथ होगी। आठ अप्रैल को महिलाओं की मेहंदी प्रतियोगिता द्वारा महिला मतदाताओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। नौ अप्रैल को सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से युवाओं को मतदान हेतु प्रेरित किया जाएगा। बारह अप्रैल को पोस्टर, बैनर, स्लोगन, दीवारों पर नारा लेखन के माध्यम से जन जागरूकता के कार्यक्रम होंगे। तेरह अप्रैल को मतदान केन्द्रों पर एक शाम लोकतंत्र के नाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा । पंद्रह अप्रैल को मनरेगा श्रमिकों एवं अन्य कामगारों को मतदान की शपथ दिलाई जाएगी।