Thar पोस्ट न्यूज। हिंदी सिनेमा के इतिहास में कुछ हटकर फिल्में बनाने वाले निर्माता निर्देशक का निधन हो गया है। मशहूर निर्माता-निर्देशक राजकुमार कोहली अब इस दुनिया में नहीं रहे। 93 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है। राजकुमार कोहली ने ‘जानी दुश्मन’ से लेकर ‘राज तिलक’ और ‘बदले की आग’ तथा कहर तक कई बेहतरीन फिल्में बनाई हैं। मल्टी स्टारर जानी दुश्मन के गीत आज भी लोकप्रिय है। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद से ही बॉलीवुड में लोग शोक जाहिर कर रहे हैं। बेटे और बिग बॉस 7 के प्रतियोगी रहे एक्टर अरमान कोहली ने अभी तक अपने पिता के निधन पर कुछ नहीं कहा है। डायरेक्टर के एक करीबी सूत्र ने बताया कि राज कुमार कोहली नहाने गए थे, लेकिन जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आए तो उनके बेटे और एक्टर अरमान कोहली जैसे-तैसे दरवाजा खोलकर अंदर गए। दरवाजा खुलने पर पता चला कि उनके पिता अंदर बेहोश पड़े थे। इसके बाद ही उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
