Thar पोस्ट। ऑनलाइन ठगी में शातिर बदमाश अब नए पैंतरे अपना रहे हैं। इस बार साइबर ठगों ने एक विदेशी फर्जी व्हाट्स एप नंबर पर खैरथल तिजारा के जिला कलेक्टर किशोर कुमार की फोटो लगाकर अधिकारियों और परिचितों से साइबर फ्रॉड करने की कोशिश की है। जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने बताया कि साइबर ठगी के इस गंभीर मामले में उनके नाम से फर्जी आईडी बनाकर अधिकारियों व परिचितों को मैसेज कर उनके साथ ठगी करने की कोशिश की गई है। 

इस बारे में कलेक्टर ने बताया कि साइबर ठग उनके फोटो का इस्तेमाल कर उनके नाम से एक फर्जी विदेशी व्हाट्सएप नंबर के जरिए अकाउंट बनाकर इस साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक खैरथल मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी ज्येष्ठा मैत्रेयी को इस घटना की जानकारी दी। कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से जिला स्तर के अधिकारियों के ग्रुप और अन्य परिचितों को मैसेज कर साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की और इस नंबर से किसी को भी मैसेज मिलने पर रिप्लाई व पैसे नहीं डालने और सावधान रहने की अपील की है। गौरतलब है कि साइबर ठगी के जाल में बैंक, पुलिस , कारोबारी सहित अनेक लोग फंस चुके हैं। सरकार व  टेलीकॉम कंपनियों के सतर्क होने के बाद बदमाश अब नए पैंतरे अपना रहे हैं।