Thar पोस्ट, न्यूज। बीकानेर के कोटगेट पुलिस थाना क्षेत्र में एक होटल संचालक के साथ मारपीट, पिस्तौल निकाल डरा-धमकाने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इसकी रिपोर्ट होटल संचालक दीपेन्द्र सिंह भाटी ने थाने में दी है। आठ सितम्बर की रात का यह वाकया है। इस मामले में दो जनों को नामजद किया गया है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि आठ सितम्बर की रात सवा दस बजे मुकेश बिश्नोई, सुभाष बिश्नोई व उसके दो और साथी होटल आए और उससे रुपयों की मांग करने लगे। उसने आरोपियों से रुपए उधार ले रखे थे। वह उधार लिए रुपए उनको लौटा चुका था। आरोपी जबरदस्ती होटल में बैठकर शराब पीने लगे। होटल में बैठकर शराब पीने से मना किया, लेकिन नहीं माने। करीब साढ़े बारह बजे होटल को बन्द करके जब वह घर की तरफ जाने लगा, तो भैंरू चौक पर उन्होंने उसका गाड़ी रुकवा ली। आरोपियों ने गाड़ी पर ताबड़तोड़ वार करते हुए कांच तोड़ दिए। गाड़ी से निकालकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आई। पिस्तौल निकालकर उसके सीने पर तान कर जान से मारने की धमकी देने लगे। परिवादी ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई।