Thar पोस्ट, न्यूज। राजस्थान में बढ़ रहे अपराधों में महिलाएं भी सक्रिय है। भरतपुर जिले में उद्योग नगर थाना क्षेत्र के अजान गांव में 15 फरवरी की सुबह नहर के किनारे हुई हत्या के ब्लाइंड मामले का पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक नाथूराम जाट की पत्नी रनिया (35), बेटे दीपक (22) निवासी बड़ा नगला और पत्नी के प्रेमी सुखबीर उर्फ सुक्खी निवासी छोटा नगला गांव अजान को गिरफ्तार किया है।एसपी श्याम सिंह ने बताया, 15 फरवरी की सुबह अजान गांव में नहर किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर एसएचओ उद्योग नगर महेंद्र कुमार राठी मय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौत संदेहास्पद लगने पर आरबीएम अस्पताल के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान मृतक नाथूराम के बेटे दीपक ने अज्ञात के खिलाफ पिता की हत्या किए जाने की रिपोर्ट दी। इस पर मुकदमा दर्ज किया गया। गांव की नहर के पास लाश मिलने पर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्याम सिंह द्वारा एएसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय और सीओ सतीश वर्मा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी महेंद्र कुमार राठी के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा गोपनीय तरीके से मृतक के आस पड़ोस में पूछताछ की गई। रनिया मृतक नाथूराम की दूसरी पत्नी है, जिसके इसी गांव के निवासी बहन के देवर सुखबीर उर्फ सुक्खी के साथ नाजायज संबंध थे। दूसरी ओर मृतक के बेटे दीपक के ऊपर काफी कर्ज था। कर्जा चुकाने के लिए दीपक जमीन बेचने का पिता पर दबाव बना रहा था। वहीं, मृतक नाथूराम पत्नी रनिया को नाजायज संबंधों को रोकने के लिए दबाव बना रहा था।नाथूराम पत्नी और बेटी की राह में रोड़ा बन गया था, दोनों ने सुखबीर के साथ मिलकर इसकी हत्या की योजना बनाई। इसके लिए दीपक ने गांव के ही रिश्तेदार को हत्या के लिए दो लाख की सुपारी दी। एक लाख कर्ज से, 20 हजार अपनी पत्नी का मंगलसूत्र बेचकर और 10 हजार मां रनिया से लेकर दिए। इस पर आरोपी रिश्तेदार नाथूराम को बात करने के बहाने अपने साथ ले गया और उसकी गला घोट कर हत्या कर दी।