Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर में मारपीट, कान काटने तथा महिला की लज्जा भंग करने का मामला श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में सामने आया है। इसकी रिपोर्ट पीडि़त मोमासर निवासी 37 वर्षीय युवक ने आरोपितों के खिलाफ पुलिस थाने में दी है। रिपोर्ट के मुताबिक वारदात मोमासर में 10 जून सवेरे की है।
मामले के अनुसार परिवादी ने मोमासर गांव में जमीन काश्त करने के लिए ले रखी है। ऐसे में आरोपित इसी गांव निवासी भंवरराम, रामूराम पुत्रगण हड़मानराम उससे रंजिश रखते है। आरोप है कि वह गांव से आ रहा था तभी आरोपियों ने उस पर लाठी से वार किया, किंतु वह किसी तरह से बच गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपित रामूराम ने दांतों से उसके कान को काट लिया। जिसके चलते उसके कान का आधा हिस्सा कटकर अलग हो गया। शोर सुनकर उसकी भाभी मौके पर पहुंची और उसने बीच बचाव किया। आरोप है कि आरोपितों ने उसकी भाभी के साथ अभद्र भाषा में बातचीत की तथा उसके कपड़े फाड़ लज्जा भंग की।
आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसकी भाभी के गले में पहले सोने के गहने भी छीन लिए तथा धमकी दी कि आगे से मिला तो उठा ले जाएंगें। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।