Thar पोस्ट। बीकानेर संभाग के चूरू जिले के भालेरी थाना के गांव खण्डवा की कॉलेज छात्रा को ज्वेलरी दिखाने के बहाने अगवा कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर महिला थाने में नामजद मामला दर्ज किया गया है। चूरू महिला थाना पुलिस ने आईपीसी और एससी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर युवती का चूरू के राजकीय डेडराज भर्तियां जिला अस्पताल में मेडिकल करवाया।चूरू महिला थानाधिकारी इंद्रलाल महर्षि ने बताया कि भालेरी थाना के गांव खण्डवा की 20 वर्षीय युवती ने अपने पिता के साथ महिला थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी कि पांच मई 2023 को युवती की शादी होनी थी। एक मई को उसे चूरू के राजकीय लोहिया कॉलेज में परीक्षा देने आना था। उसके पिता ने युवती को दो लाख रुपये दिए और कहा कि चूरू में मूलचंद सोनी को दुकान पर यह रुपये देने हैं। वहां से आते समय शादी के लिए बनाई गई ज्वेलरी लेकर आनी है। युवती रुपये लेकर मूलचंद सोनी की दुकान पर गई। दो लाख रुपये मूलचन्द को दिए तभी आरोपी मूलचंद सोनी ने कहा कि गहने दूसरी दुकान पर हैं। गाड़ी में बैठकर उस दुकान पर चलते हैं।मूलचन्द सोनी ने उसे गाड़ी में बैठा लिया और गाड़ी को दूसरी दुकान पर ले जाने की बजाय रतनगढ़ रोड पर ले गया। जब युवती ने विरोध किया तो उसने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। मूलचन्द सोनी उसे डरा धमकाकर कर गुजरात के एक होटल में और बाद में जयपुर ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने कॉलेज छात्रा की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।