Thar post बीकानेर। ऊर्जा तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डाॅ. बी. डी. कल्ला ने बताया कि कोरोना काल में विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कोष के तहत अब तक 5 करोड़ 31 लाख 32 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
डाॅ. कल्ला ने बताया कि इसमें से 3 करोड़ रुपये 18-45 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के कोविड वैक्सीनेशन के लिए, 1 करोड़ रुपये संक्रामक रोगों के इलाज के लिए अलग से अस्पताल बनाने, 45.32 लाख रुपये एसडीएम राजकीय जिला चिकित्सालय में आॅक्सीजन जनरेशन प्लांट बनाने तथा 35 लाख रुपये दो एम्बूलेंस खरीदने के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार निर्धन असहाय वर्ग के लोगों के खाद्य सामग्री के लिए स्थानीय एवं राज्य स्तर पर 25-25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मास्क एवं सेनिटाइजर वितरित करने के लिए एक लाख रुपये की भी विधायक कोष से दिए गए हैं।
डाॅ. कल्ला ने बताया कि बीकानेर पश्चिम विधायक सेवा केन्द्र में स्थापित नियंत्रण कक्ष से कोरोना पाॅजिटिव आने वाले रोगियों से बात करते हुए उनके लिए अस्पताल में आवश्यकता के अनुसार बैड, दवाइयां, इंजेक्शन और आॅक्सीजन आदि उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जा रही है। राजस्थान फाउण्डेशन और राजीव यूथ क्लब के माध्यम से 57 आॅक्सीजन कंसंट्रेटर मरीजों के लिए उपलब्ध करवाए गए हैं। इस दौरान दस हजार मास्क, 70 स्टीम इनहेलर, सेनेटाइजर की बोतलें वितरित की गई हैं। वहीं विभिन्न संस्थाओं और संगठनों के माध्यम से कोविड मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन पैकेट उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इस दौरान पीबीएम और जिला चिकित्सालय में चिकित्सकीय व्यवस्था सुदृढ़ीकरण के लिए भी विशेष प्रयास किए गए हैं। पीबीएम अस्पताल में 400 बैड्स के लिए वृहद् आॅक्सीजन संयंत्र आगामी दो माह में स्थापित किया जाएगा। पीबीएम अस्पताल में 300 वेंटीलेटर्स तथा पांच सौ आॅक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध करवाने के लिए उच्च स्तर पर वार्ता की गई है। पीबीएम सहित विभिन्न अस्पतालों तथा घरों में उपचाररत मरीजों को आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त आॅक्सीजन मिले, इसके मद्देनजर जिले को सतत रूप से आॅक्सीजन टैंकर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं

जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करवाना संवित् सोमगिरि के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि-डाॅ. कल्ला
ऊर्जा तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डाॅ. बी. डी. कल्ला ने रविवार को अलौकिक फाउण्डेशन ट्रस्ट द्वारा संवित् सोमगिरि महाराज की स्मृति में कोरोना संक्रमित मरीजों तथा उनके परिजनों के लिए निःशुल्क 1008 थाली भोजन वितरण कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।
इस दौरान डाॅ. कल्ला ने कहा कि संवित् सोमगिरि महाराज ने धर्म, कर्म, आध्यात्म, शिक्षा, खेल और साहित्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। वे वैज्ञानिक सोच के धनी थे। उनकी तार्किक क्षमता अद्भुत थी। संवित् सोमगिरि हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और राजस्थानी भाषा के प्रखर ज्ञाता थे। संवित् शूटिंग संस्थान के माध्यम से खेलों के विकास में भरपूर योगदान दिया। संवित् सोमगिरि का निधन हमारे लिए अपूरणीय क्षति है। डाॅ. कल्ला ने कहा कि संवित् सोमगिरि ने अन्नदान को महादान माना। उनकी स्मृति में अलौकिक फाउण्डेशन ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क भोजन उपलब्ध करवाना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के वर्तमान दौर में राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की ‘कोई भूखा ना सोए’ की भावना के अनुरूप प्रत्येक जरूरतमंद तक भोजन पहुंचाया जा रहा है। संकट के इस दौर में अनेक संस्थाएं भी भरपूर सहयोग दे रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समन्वित प्रयासों से बीकानेर को कोरोना मुक्त बनाया जा सकेगा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष डाॅ. अशोक धारणिया ने बताया कि संस्था द्वारा मां अन्नपूर्णा निःशुल्क भोजन सेवा के माध्यम से कोरोना काल में प्रतिदिन लगभग 300 थाली भोजन कोरोना मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके लिए संस्था के हैल्पलाइन नंबर 8561004001 और 8561004002 पर एडवांस बुकिंग करवानी होती है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा इसी क्रम में रविवार को संवित सोमगिरि की स्मृति में 1008 थाली निःशुल्क उपलब्ध करवाई गई।इस अवसर पर स्वामी योगेश्वरानंद महाराज, इंजी. बी. जी. व्यास, डी. पी. पचिसिया, डाॅ. प्रकाश ओझा, भवानी स्वामी आदि बतौर अतिथि मौजूद रहे। वहीं सेवा कार्य में विनोद अग्रवाल, सलीम सोढा, अशोक चारण, रवि प्रकाश सोनी, विनोद कुमार सोनी, कैलाश बिश्नोई, प्रदीप छलाणी, शालिनी रावत, नवीन धारणिया, प्रशांत, नवीन, कमल, संजय, विनोद सोनी और नितेश गोयल आदि ने भागीदारी निभाई। इससे पूर्व डाॅ. कल्ला ने संवित् सोमगिरि महाराज के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने मां अन्नपूर्णा निःशुल्क भोजन सेवा द्वारा भोजन की बुकिंग एवं वितरण की प्रक्रिया की जानकारी ली।