Thar पोस्ट, न्यूज। बीकानेर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रस्तावित दौरे में परिवर्तन संभव है। बीकानेर में 29 नवम्बर को प्रस्तावित कार्यक्रम में फेरबदल हो सकता है। गहलोत अब तीस नवंबर को बीकानेर आ सकते हैं। इसकी वजह है राज्य सरकार के निर्देश पर ही रोजगार मेले की डेट्स में भी संशोधन कर दिया गया है। पॉलिटेक्निक कॉलेज में रोजगार मेला अब 28 व 29 नवम्बर के बजाय 29 व 30 नवम्बर को होगा। यह भी बताया जा रहा है कि कांग्रेस में चल रही अंदरुनी कलह के बीच 29 नवम्बर को पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल जयपुर पहुंच रहे हैं। उनके साथ मुख्यमंत्री गहलोत की भी मीटिंग होगी। ऐसे में गहलोत 29 नवम्बर को बीकानेर नहीं आ सकते थे। अब इस कार्यक्रम की डेट्स में ही बदलाव कर दिया गया है। इस बारे में रोजगार कार्यालय के सहायक निदेशक हरगोबिन्द मित्तल ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर इस तारीख में फेरबदल किया गया है। कौशल, रोजगारव उद्यमिता विभाग के इस मेले में बड़ी संख्या में प्राइवेट कंपनियां बीकानेर आ रही है, जो बेरोजगारों को सीधे रोजगार उपलब्ध कराएगी। अब तक देशभर की चौबीस बड़ी कंपनियों ने बीकानेर रोजगार मेले में युवाओं का चयन करने का निर्णय किया है। मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा के चलते जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। संभागीय आयुक्त नीरज के पवन, जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल तैयारी में लगे हैं। पॉलिटेक्निक कॉलेज में ही कई आला अधिकारियों ने डेरा डाल लिया है। यहां मैदान पर विशेष तरह से डोम तैयार किए जा रहे हैं। डेट्स में परिवर्तन से तैयारी कर रहे अधिकारियों व कर्मचारियों को थोड़ी राहत ही मिली है।