Thar पोस्ट, न्यूज नई दिल्ली। देश में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष का नाम तय हो गया है। हालांकि चुनाव को लेकर नेताओं की ओर से जोर आजमाइश शुरू हो गई है। अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अब तक तीन नेताओं, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सांसद शशि थरूर और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम उभरकर सामने आया है। तमाम कयासों के बीच बुधवार को अशोक गहलोत ने 10 जनपथ में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस बीच सोनिया गांधी ने भी साफ कर दिया है कि चुनाव में उनकी क्या भूमिका होने वाली है।हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अशोक गहलोत से मुलाकात के दौरान सोनिया गांधी ने अपना पक्ष साफ करते हुए कहा कि वह पार्टी के अगले अध्यक्ष के लिए आगामी चुनाव में किसी का पक्ष नहीं लेंगी। कहा जाता है कि उन्होंने कांग्रेस सांसद शशि थरूर से भी यही बात कही थी, जब वह पार्टी अध्यक्ष पद के लिए अपनी उम्मीदवारी पर चर्चा करने के लिए दो दिन पहले उनसे मिले थे।गहलोत ने कहा कि वह पार्टी के सांसद और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी की जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्हें मनाने का एक आखिरी प्रयास करेंगे। सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद अशोक गहलोत किसी भी वक्त दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भर सकते हैं। इसके बाद गुरुवार सुबह मुंबई से कोच्चि पहुंचेंगे और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ शामिल होने की उम्मीद है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।