





Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के पूर्व अध्यक्ष श्री शिवरतन जी अग्रवाल (फन्ना बाबू) का आकस्मिक निधन। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष श्री जुगल राठी ने श्रद्धांजलि स्वरूप दिनांक 24 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:00 बजे तक बीकानेर के समस्त व्यापारिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की । बीकानेर के सुप्रसिद्ध उद्योगपति, समाजसेवी, भामाशाह एवं बीकाजी के CMD श्री शिवरतन अग्रवाल (फन्ना बाबू) के चेन्नई में हुए आकस्मिक निधन पर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि श्री अग्रवाल का निधन न केवल व्यापार एवं उद्योग जगत, बल्कि पूरे बीकानेर के लिए अत्यंत दुःखद एवं स्तब्ध करने वाला है। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के पूर्व अध्यक्ष के रूप में उनकी सेवाएं अतुलनीय रही हैं। उन्होंने बीकानेर के सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। व्यापार मंडल के सचिव संजय जैन सांड ने बताया कि सन 2009 से 2018 तक 10 वर्ष उनका शानदार अध्यक्ष कार्यकाल रहा । उनके मार्गदर्शन, अनुभव एवं समर्पण ने व्यापारिक एवं सामाजिक क्षेत्र को नई दिशा प्रदान की, जिसके लिए उनका नाम सदैव चिरस्मरणीय रहेगा।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिनांक 24 अप्रैल को दोपहर 2:00 बजे तक सम्पूर्ण बीकानेर के व्यापारिक व औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है।




