Thar पोस्ट, न्यूज, बीकानेर। अनुराग कला केंद्र, विरासत संवर्द्धन संस्थान, तोलाराम हंसराज डागा चेरिटेबल ट्रस्ट एवं होटल मिलेनियम के संयुक्त तत्वावधान में सातवां बीकानेर थियेटर फेस्टिवल 14 से 18 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। थियेटर फेस्टिवल में इस बार देश के विभिन्न राज्यों से आमंत्रित 25 नाटकों का मंचन होगा।आयोजन समन्वयक सुनील जोशी ने बताया कि प्रतिदिन 5 नाटकों का मंचन होगा। देश भर से लगभग 500 कलाकार एकत्रित होंगे। कार्यक्रम को जल्दी ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नाटकों के मंचन बीकानेर के विभिन्न रंग स्थलों पर होंगे। देश की नामचीन रंग शख्शियतों द्वारा अभिनय का प्रशिक्षण दिया जाएगा।आयोजन समिति सदस्य टी. एम. लालाणी ने बताया कि थिएटर फेस्टिवल के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों की रंग संस्कृति साकार होगी। कोरोना संक्रमण के दौर के बाद इसे और अधिक वृहद स्तर पर आयोजित करने के प्रयास होंगे।श्री हंसराज डागा ने कहा कि थिएटर फेस्टिवल में अधिक से अधिक जन जुड़ाव हो, इसके मद्देनजर विभिन्न अभिनय कार्यशालाओं, सेमिनार और संवाद श्रृंखलाओं का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में रंग, कला और साहित्य क्षेत्र के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा।