Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने अम्बेडकर सर्किल-रानी बाजार रेलवे फाटक पर अंडर ब्रिज बनाने के पश्चात् इस फाटक को बंद करने की सहमति प्रदान कर दी है। इसके बाद यहां अंडर ब्रिज स्थापित हो सकेगा तथा यहां से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
जिला कलक्टर ने बताया कि रेलवे द्वारा समपार संख्या 264 (स्प्रे) कि.मी. 461/0-1(अम्बेडकर सर्किल रानी बाजार) पर आरयूबी निर्माण के बाद इस समपार को बंद करने संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र चाहा गया था। संबंधित विभागों से चर्चा के बाद यह अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है। इसके बाद यहां रेलवे अंडर ब्रिज का कार्य शीघ्र ही प्रारम्भ हो सकेगा तथा इससे अम्बेडकर सर्किल से रानी बाजार की ओर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही पीबीएम अस्पताल और विभिन्न सरकारी कार्यालयों तक पहुंच भी आसान हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा इस दिशा में सतत कार्यवाही की जा रही थी। जिला कलक्टर ने कार्यभार ग्रहण करते ही इस स्थान का मुआयना किया तथा इस संबंध में रेलवे के अधिकारियों से समय-समय पर चर्चा की। अब इस अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी होने के बाद यहां अंडर ब्रिज की राह और आसान हो गई है। नगर विकास न्यास द्वारा इसके ब्लॉक बना लिए गए हैं, शीघ्र ही इन्हें स्थापित कर दिया जाएगा।

*विभिन्न मेडिकल स्टोर के अनुज्ञापत्र निलंबित व एक निरस्त*
Thar पोस्ट। जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर अंबेडकर कॉलोनी एवं पवनपुरी स्थित अपोलो फार्मेसी (ए यूनिट ऑफ़ अपोलो फार्मासिस्ट लिमिटेड) का अनुज्ञापत्र 11 अगस्त तक, राव बीकाजी टेकरी के सामने स्थित ए आर मेडिकल एण्ड जनरल स्टोर, हॉस्पिटल रोड खाजूवाला स्थित बीकानेर मेडिकल एजेंसी, मीणा मार्केट खाजूवाला स्थित आदर्श मेडिकल स्टोर का अनुज्ञापत्र 12 अगस्त तक के लिए निलंबित कर दिया गया है।
औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक सुभाषचंद्र मुटनेजा ने बताया कि रीको करणी नगर स्थित बीकाजी मेडिकोज का अनुज्ञापत्र 14 अगस्त तक, चोपड़ा बाड़ी गंगाशहर स्थित भव्या मेडिकल एण्ड जनरल स्टोर का अनुज्ञापत्र 17 अगस्त तक, बीछवाल स्थित अपना मेडिकल एण्ड जनरल स्टोर का अनुज्ञापत्र 22 अगस्त तक निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अर्जुनसर, लूणकरणसर स्थित अम्बा मेडिकल स्टोर का अनुज्ञापत्र नियम 66 (1) के तहत निरस्त कर दिया गया है।

सेवा,समर्पण और सहयोग की सीख देती नानी बाई रो मायरो- गोवत्स आशीष महाराज
Thar पोस्ट बीकानेर। सुजानदेसर स्थित मीराबाई धोरा पर भागीरथ नंदिनी गोचर भूमि पर चल रहा पांच दिवसीय नानी बाई रो मायरो का समापन बुधवार को हुआ। कथावाचक गोवत्स आशीष महाराज ने ठेठ राजस्थानी भाषा में कहा ‘ मायरे री कथा खाली कथा कोनी आ कथा अपाने सेवा, सहयोग और समर्पण री सीख देवे है ‘। अपा सच्चे मन सूं भगवान री सेवा करां तो भगवान भी आपणो पूरो ध्यान राखे, सांवरिये रे आगे करोड़ी अरदास करोड़ों दिला देवे, इरो प्रमाण नानी बाई रो मायरे री कथा है । आशीष महाराज ने कहा कि कथा में संयोग की भावना होना चाहिए क्योंकि सनातन धर्म कोई जीवित रखना है तो हमें एकजुटता मिलाकर ऐसे धार्मिक अनुष्ठानों करना जरूरी है। नरसिंह मेहता में भगवान के प्रति सहयोग व समर्पण की भावना थी। जिस दिन हमारे बीच में सहयोग की भावना आ जाएगी। नरसी मेहता की तरह हमारे काम भी नहीं रुकेंगे।
सम्मान समारोह आयोजित
आयोजन से जुड़े भागीरथ नंदिनी के संस्थापक अध्यक्ष मिलन गहलोत ने बताया कि कथा समापन से पूर्व व्यास पीठ पर विराजित गोवत्स आशीष महाराज के सानिध्य में समाजसेवी गो प्रेमी, पर्यावरण प्रेमी एवं धर्म प्रेमी गणमान्य जनों का भागीरथ नंदिनी की ओर से सम्मान किया गया । इस अवसर पर कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया गया। सम्मान समारोह कार्यक्रम में रामेश्वर आनंद जी महाराज दाता श्री सरजू दास जी महाराज बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डीपी पच्चीसिया कांग्रेस नेता मदन मेघवाल ने गणमान्य जनों का दुपट्टा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
इनका हुआ सम्मान
नेत्र चिकित्सक घनश्याम तंवर, धर्म प्रेमी भूरमल शास्त्री, रूप किशोर व्यास, पप्पू मिस्त्री, मूलचंद सामसुखा, ओमप्रकाश गहलोत, डॉ. मेवात सिंह, बंशी कच्छावा, दुलीचंद गहलोत, समाजसेवी कवि नेमचंद गहलोत, कवयित्री कृष्णा आचार्य, राजाराम स्वर्णकार, बाबूलाल छंगाणी, कैलाश टाक, जुगलकिशोर पुरोहित सहित गणमान्यजन को सम्मानित किया गया।
सजीव झांकी सजाई
कथा समापन के अंतिम दिन श्रद्धालु महिलाओं व पुरुषों ने धार्मिक भजन गाते और भगवान का सुमिरन करते हुए कथा स्थल से बाबा रामदेव मंदिर तक सजीव झांकी निकाली। कथा वाचक आशीष महाराज ने कथा को सिरोधार्य किया, वहीं आगे देवी- देवताओं के रूप धरे बालक- बालिकाएं चल रहे थे! कथा के अंत में भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
तीन संकल्प दिलाए
रामेश्वरानंद महाराज दाताश्री ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा, गाय की रक्षा और भारत की शान तिरंगे का सम्मान हम सब को करना है। यह देश हित में, धर्म हित में आवश्यक है। सभी उपस्थित जनों ने तन-मन-धन से हर संभव सहयोग गोचर और गाय के लिए देने का संकल्प लिया।