Thar पोस्ट। बीकानेर। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के आदेशानुसार जिला परिषद् में जिला स्थायी समितियों के चुनाव एवं गठन के लिए स्थायी समिति गठन नियम के अन्तर्गत जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी को शक्तियां दी गई है। जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला परिषद सदस्यों की बैठक जिला परिषद् सभागार में आयोजित की जाएगी तथा सर्व सम्मति से समितियों का गठन नहीं होने की स्थिति में मतदान द्वारा समितियों का गठन किया जाएगा। मतदान प्रक्रिया शुक्रवार को ही प्रातः 10 बजे से नियमानुसार शुरू होगी। राजस्थान पंचायत राज के स्थायी समिति गठन नियम के अनुसार जिला परिषद् में प्रशासन एवं स्थापना, वित्त एवं कराधान, शिक्षा, सामाजिक सेवाएं एवं सामाजिक न्याय विकास एवं उत्पादन विकास कार्यो के संबंध में पर्यवेक्षण एवं समीक्षा सम्बन्धी स्थायी समितियों का गठन किया जाएगा। सम्पूर्ण चुनाव की अध्यक्षता जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल करेंगे।
निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ने समस्त जिला परिषद सदस्यों को कमेटी गठन की कार्यवाही के लिए 6 अगस्त को प्रातः 10 बजे तक जिला परिषद कार्यालय में उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया है।
बाल श्रम उन्मूलन के लिए फैक्ट्रियों का किया औचक निरीक्षण
बीकानेर। बाल श्रम उन्मूलन के लिए गठित जिला स्तरीय टीम द्वारा बुधवार को खारा औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न फेक्ट्रियों का निरीक्षण किया गया।
जिला स्तरीय टीम प्रभारी तथा किशोर न्याय बोर्ड सदस्य अरविन्द सिंह सेंगर एवं बाल कल्याण समिति सदस्य जुगल किशोर व्यास के नेतृत्व में फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री मालिकों को निर्देश दिये गये कि उनके द्वारा किसी भी नाबालिग बालक को कार्य पर नहीं रखा जाएगा। यदि ऐसा पाया जाता है, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी। फैक्ट्री मालिकों को फैक्ट्री के प्रवेश द्वार पर बाल श्रम नहीं करवाने का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध पाए गए बच्चों के दस्तावेजों की जाँच की गई। फैक्ट्री मालिकों से वचन-पत्र भरवाए गए, जिनमें उन्होंने वचन दिया की 18 वर्ष से कम उम्र के बालक या बालिका को काम पर नहीं रखेगे। कुछ फैक्ट्री मालिकों ने निरीक्षण टीम के सामने ही प्रवेश द्वार पर बालश्रम नहीं करवाने का बोर्ड लगवाया। टीम मे आउटरीच वर्कर सुमन मेहरा सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।