Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। राजस्थान के उदयपुर जिले में कन्हैयालाल टेलर की निर्मम हत्या के विरोध में शुक्रवार को बीकानेर में भी विरोध असर दिखाई दिया। इस हत्याकांड के विरोध में बीकानेर टेलर एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को बीकानेर बंद का आह्वान किया गया था। जिसका मिलाजुला असर देखने को मिला। केईएम रोड,कोटगेट,रेलवे स्टेशन पर अधिकांश दुकानें बंद रही। जस्सूसर गेट,कॉलोनियों,गंगाशहर व भीनासर में कुछ दुकानें बंद तो कुछ दुकानें खुली रही। बीकानेर व्यापार मंडल के साथ ही भाजपा और हिंदूवादी संगठनों ने भी बंद का समर्थन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता बाजार में घूमते नजर आए। हत्याकांड के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था के मद्देनजर बीकानेर में भी बंद को लेकर पुलिस पूरी तरह से सचेत नजर आई और चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहे। बंद के दौरान बीकानेर शहर के प्रमुख बाजार केईएम रोड स्टेशन रोड और कोटगेट पर पुलिस के अधिकारी व डीएसटी की टीम गश्त करती रही। इस दौरान पुलिस अधिकारी भी बंद समर्थकों के साथ पूरी तरह से मौजूद रहे और सादा वर्दी में भी जवान तैनात रहे। व्यापारियों ने स्वेच्छा से ही अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखा। बंद के दौरान मेडिकल स्टोर को बंद से मुक्त रखा गया। इस दौरान शहर भाजपा की ओर से कलक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने उदयपुर की घटना को लेकर गहलोत सरकार पर निशाना साधा और सरकार की इंटेलिजेंस को पूरी तरह से फेल बताया। बीकानेर इलेक्ट्रिक टे्रड एसोसिएशन के सचिव विजय रांका ने सभी व्यापारियों का आभार जताया।

नहीं दिखी व्यापारिक एकजुटता
बंद के दौरान अनेक दुकानें खुली होने पर यह चर्चा आम थी कि बीकानेर में व्यापारियों का मजबूत प्रतिनिधित्व करने वाला कोई नहीं है। जिसका ही परिणाम है कि आज व्यापारियों की ये दुर्गति हो रही है। कई जनों ने तो दबे स्वरों में कहा कि सभी व्यापारिक संगठनों को ऐसे मसलों में अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों से भी सलाह लेनी चाहिए। उन्हें विश्वास में लिये बिना ही बीकानेर बंद करने की घोषणा के कारण अनेक स्थानों पर दुकानें खुली रही।