Thar पोस्ट। बीकानेर नगर निगम की ओर से कई जगह दिए होर्डिंग ठेके की अवधि समाप्त होने के बावजूद होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। कई स्थानों पर स्वीकृत संख्या से ज्यादा होर्डिंग लगे होने और कुछ जगह स्वीकृत साइट से इतर होर्डिंग खड़े किए हुए हैं। इसे लेकर लगातार शिकायतों के बाद निगम प्रशासन और संभागीय आयुक्त ने शहर में लगे अवैध होर्डिंग को लेकर सख्ती बरतने का फैसला किया है। मिली जानकारी के अनुसार अवैध होर्डिंग लगाकर मोटी कमाई करने का आरोप जयपुर रोड को लेकर लग रहा है। इस मार्ग पर अवैध होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन भी कई बार सख्त कार्रवाई और संबंधित के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने के आदेश जारी कर चुके हैं। इसके साथ ही शहर में प्रवेश के अन्य मार्गों पर गेट एन्ट्री, यूनिपोल, पोल कियोस्क और स्ट्रीट लाइट्स पर विज्ञापन फ्लैक्स लगाए जा रहे हैं। यह भी तय साइज से बड़े, कई जगह टेंडर नहीं किए होने के बावजूद लगे होने की शिकायत मिल रही है। इसी के साथ शहर के गली मोहल्लों तक में होर्डिंग व छोटे विज्ञापन बोर्ड अवैध रूप से लगाए जा रहे हैं। इस बारे में संभागीय आयुक्त नीरज के. पवन ने कहा कि शिकायतकर्ताओं, निगम व यूआईटी अधिकारियों और होर्डिंग आदि का ठेका लेने वालों को बुलाकर इस मुद्दे पर बात की है।स्वीकृत संख्या से एक भी ज्यादा होर्डिंग शहर में नहीं लगाने दिया जाएगा। साथ ही स्वीकृत साइट के अलावा कहीं कोई होर्डिंग लगाएगा, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अवैध होर्डिंग हटाने के लिए दो दिन का समय दिया गया है।इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। होर्डिंग ठेकेदारों को भी पालना करने के लिए पाबंद किया है। जिन स्थानों के होर्डिंग के अनुबंध या ठेके की अवधि समाप्त हो चुकी है, उनके नए सिरे से टेंडर करने के लिए कहा गया है।