Thar पोस्ट, न्यूज। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में मंगलवार को अंतिम दिन है। 100 दिन पूरे करने के बाद भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेगी। जिसके बाद नौ दिन का ब्रेक होगा। उसके बाद भारत जोड़ो यात्रा 3 जनवरी 2023 को फिर से शुरू होगी। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। जयराम रमेश ने ट्वीट किया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर की शाम को दिल्ली पहुंचेगी। उसके बाद नौ दिनों का ब्रेक होगा। जिससे कंटेनरों की मरम्मत की जा सके और कंटेनरों को कड़ाके की सर्दी के लिए तैयार किया जा सके।’ब्रेक में कई भारत यात्री लगभग चार महीने के बाद अपने परिवार से मिल पाएंगे और उनके साथ समय बिता पाएंगे। राहुल गांधी की यात्रा 3 जनवरी 2023 को फिर से शुरू होगी। इस बीच, पार्टी की हरियाणा इकाई मेगा वॉकथॉन की तैयारी कर रही है क्योंकि राज्य में यात्रा का पहला चरण बुधवार से शुक्रवार तक चलेगा। इस चरण में फिरोजपुर झिरका से फरीदाबाद तक पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता और आम जनता भाग लेगी। इसके बाद 6 जनवरी 2023 को पानीपत बॉर्डर पर सनौली खुर्द से यात्रा शुरू होगी। इस मौके पर अगले दिन पानीपत में एक विशाल रैली का आयोजन भी किया जाएगा।